नवीन शासकीय कन्या महाविद्यालय खैरागढ़ में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया बाल दिवस

खैरागढ़। नवीन शासकीय कन्या महाविद्यालय खैरागढ़ में बाल दिवस हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय की छात्राओं के लिए विभिन्न मनोरंजक गतिविधियों का आयोजन किया गया जिसमें छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। आयोजन ने छात्राओं को बचपन की सुनहरी यादों से रूबरू कराया और महाविद्यालय परिसर में खुशनुमा माहौल बना दिया।कार्यक्रम के अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. ओपी गुप्ता ने सभी छात्राओं को बाल दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। अपने उद्बोधन में उन्होंने छात्राओं को आशीर्वचन देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा जीवन में निरंतर आगे बढ़ने, लक्ष्य निर्धारित करने और सफलता प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया।बाल दिवस को यादगार बनाने के उद्देश्य से छात्राओं के लिए म्यूजिकल बॉल गेम का आयोजन किया गया। इस मनोरंजक खेल में छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और पूरे उत्साह के साथ खेल का आनंद उठाया। खेल के दौरान छात्राओं में खासा उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम के अंत में सभी छात्राओं का मुंह मीठा कराकर उन्हें बाल दिवस की शुभकामनाएं दी गईं। इस अवसर पर महाविद्यालय के शैक्षणिक स्टाफ से डॉ. मेधाविनी तुरे, डॉ. कौशल साहू, दुर्वासा सिन्हा, अजय वर्मा, मानिक चंद बंजारे, सौरभ साहू, वासुदेव साहू, लक्ष्मीकांत साहू, सुश्री सौम्या गुप्ता, सुश्री शिखा जोशी, वर्षा साहू एवं मैथिली पटेल सहित बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।

↑
Exit mobile version