नवागांवकला विद्यालय में वन महोत्सव पर हुआ पौधरोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया गया संदेश

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। पर्यावरण संरक्षण और हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्राथमिक शाला नवागांवकला में वन महोत्सव का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय परिवार के साथ ग्राम पंचायत के जनप्रतिनिधियों स्कूल प्रबंधन समिति (एसएमसी) के सदस्यों पालकों तथा ग्रामीणों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। विद्यालय परिसर में आम जामुन अमरूद बेल सहित छायादार एवं विभिन्न प्रजातियों के पुष्पीय पौधों का रोपण किया गया है। उपस्थित सभी लोगों ने पौधों की नियमित देखभाल एवं संरक्षण का संकल्प लेते हुए पर्यावरण संतुलन बनाए रखने का संदेश दिया है। प्रधान पाठक श्रीमती सुनीता सिंह ठाकुर के मार्गदर्शन तथा सहायक शिक्षिका श्रीमती नैना वर्मा के नेतृत्व में आयोजित इस अभियान में विद्यालय स्टाफ स्वच्छता कर्मी मध्यान्ह भोजन बनाने वाली रसोइयों और विद्यालय के पूर्व छात्र-छात्राओं ने भी उत्साह के साथ पौधरोपण किया है। इस अवसर पर प्रधान पाठक श्रीमती ठाकुर ने कहा कि पौधरोपण तभी सार्थक होगा जब लगाए गए पौधों का संरक्षण भी पूरी जिम्मेदारी से किया जाए। इसके लिए स्कूल प्रबंधन समिति पालकों और ग्रामवासियों के सहयोग से प्रत्येक पौधे की नियमित निगरानी की जाएगी। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को प्रकृति संरक्षण हरित पर्यावरण और वृक्षों के महत्व के प्रति जागरूक किया गया। आयोजन के अंत में सभी ने अधिक से अधिक पौधे लगाने और उन्हें सुरक्षित रखने का संकल्प दोहराया।

Exit mobile version