21 विभागों से मिले 69 आवेदन, 17 प्रकरणों का मौके पर किया गया निराकरण
गंडईपंडरिया। शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और विभिन्न विभागों की सेवाओं का लाभ आम लोगों तक सीधे पहुंचाने के उद्देश्य से सेवा सेतु अभियान ‘सरकार आपके द्वार’ के तहत ग्राम नर्मदा में जिला स्तरीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर ग्रामीणों को शासन की योजनाओं की जानकारी दी गई तथा उनकी समस्याओं और मांगों से संबंधित आवेदन प्राप्त किए गए।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह रहे। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक हर हाल में पहुंचना चाहिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह के शिविर आयोजित करने का उद्देश्य लोगों को शासकीय योजनाओं से जोड़ने के साथ ही उनकी समस्याओं का यथासंभव मौके पर निराकरण करना है। शिविर के दौरान ग्राम कुटेली कला निवासी दिव्यांग दुलारी बाई साहू को समाज कल्याण विभाग द्वारा पूर्व में प्रदान की गई हस्तचालित ट्राईसाइकिल का मामला सामने आया। दुलारी बाई साहू हस्तचालित ट्राईसाइकिल चलाने में असमर्थ हैं। इस पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि उनकी आवश्यकता को देखते हुए हस्तचालित ट्राईसाइकिल के स्थान पर इलेक्ट्रॉनिक ट्राईसाइकिल उपलब्ध कराने की कार्रवाई की जाए। अधिकारियों ने निर्देश को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र इलेक्ट्रॉनिक ट्राईसाइकिल उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। शिविर में छत्तीसगढ़ शासन के 21 विभागों से कुल 69 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें पंचायत विभाग से सर्वाधिक 17 आवेदन प्राप्त हुए। विभिन्न विभागों से प्राप्त आवेदनों में से 17 प्रकरणों का मौके पर ही निराकरण किया गया। इससे ग्रामीणों को संबंधित विभागों के कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिली। समाज कल्याण विभाग के स्टॉल पर दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के लिए आवेदन लिए गए। प्राप्त आवेदनों के आधार पर पात्र हितग्राहियों को हस्तचालित ट्राईसाइकिल का वितरण किया गया। इस दौरान सुखित महार निवासी खैरा नवापारा, दुलारी बाई साहू निवासी कुटेली कला तथा कृष्णा कुमार निवासी बेलगांव को ट्राईसाइकिल प्रदान की गई। ट्राईसाइकिल मिलने से हितग्राहियों के आवागमन में सुविधा होगी तथा वे अपने दैनिक कार्य अधिक आत्मनिर्भरता के साथ कर सकेंगे। शिविर में समाज कल्याण विभाग के स्टॉल पर पहुंचे हितग्राहियों को पेंशन, सहायक उपकरण सहित विभाग द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने पात्र हितग्राहियों से योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन करने की अपील की।इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष प्रियंका खम्हन ताम्रकार, जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह, शशांक ताम्रकार, घम्मन साहू, राकेश ठाकुर, आनंद पटेल, बालकृष्ण जंघेल, राजू जंघेल, दिनेश भट्ट, अवधेश मिश्रा, धनवु राम जंघेल, कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रावल, जिला पंचायत सीईओ प्रेम कुमार पटेल, एसडीएम अविनाश ठाकुर, तहसीलदार आशीष कुमार देवहारी सहित जनप्रतिनिधिगण, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे
