नर्मदा तट से घटियारी तक निकली भव्य कांवड़ यात्रा

सत्यमेव न्यूज गंडईपंडरिया। सावन मास के पावन अवसर पर मां नर्मदा के तट से घटियारी तक भव्य कांवड़ यात्रा निकाली गई। गाजे-बाजे ढोल-नगाड़ों और शिव भजनों के बीच निकली इस यात्रा में श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बना। पूरे मार्ग में “हर-हर महादेव” और “बम-बम भोले” के जयकारे गूंजते रहे जिससे वातावरण पूरी तरह भक्तिमय और शिवमय हो गया। कांवड़ियों ने सुबह मां नर्मदा के पवित्र जल से कांवड़ भरी और विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर यात्रा का शुभारंभ किया। केसरिया वस्त्र धारण किए शिवभक्त हाथों में कांवड़ लेकर अनुशासनबद्ध तरीके से घटियारी की ओर रवाना हुए। यात्रा में युवाओं के साथ महिलाओं और बुजुर्गों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की। यह धार्मिक आयोजन जन जागरण सेवा समिति के संयोजक खम्हन ताम्रकार की अगुवाई में संपन्न हुआ। यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। डीजे और शिव भजनों की धुन पर श्रद्धालु भक्ति में झूमते हुए आगे बढ़ते रहे।

नर्मदा तट से घटियारी तक यात्रा मार्ग में सामाजिक संगठनों और स्थानीय नागरिकों ने जगह-जगह कांवड़ियों का स्वागत किया। श्रद्धालुओं के लिए अल्पाहार फल और ठंडे पेयजल की व्यवस्था की गई। कई स्थानों पर पुष्पवर्षा कर कांवड़ियों का अभिनंदन किया गया। इसी क्रम में गंडई प्रेस क्लब की ओर से नगर के स्थानीय विश्राम गृह के समीप कांवड़ियों के लिए पेयजल की व्यवस्था की गई। प्रेस क्लब के सदस्यों ने कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस दौरान प्रेस क्लब के साथी मौजूद रहे। कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धा सेवा और सामाजिक सहभागिता का सुंदर संगम देखने को मिला। पूरे आयोजन में शिवभक्तों का उत्साह और धार्मिक आस्था आकर्षण का केंद्र रही।

Exit mobile version