त्योहारों से पहले केसीजी पुलिस अलर्ट, बदमाशों पर कसा शिकंजा

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। आगामी त्योहारों एवं सार्वजनिक उत्सवों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए खैरागढ़-छुईखदान-गंडई (केसीजी) पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष अभियान शुरू किया है। जिले के सभी थाना एवं चौकी क्षेत्रों में असामाजिक तत्वों तथा आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों की निगरानी बढ़ा दी गई है। पुलिस द्वारा आदतन अपराधियों गुंडा एवं निगरानी बदमाशों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की जा रही है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को आगामी त्योहारों के मद्देनजर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। इसके तहत थाना क्षेत्रों में चिन्हित गुंडा निगरानी बदमाश एवं आदतन अपराधियों को थाने बुलाकर समझाईश दी जा रही है।

पुलिस ने संबंधित लोगों को स्पष्ट चेतावनी दी है कि त्योहारों एवं सार्वजनिक आयोजनों के दौरान किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि विवाद मारपीट उपद्रव या शांति व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्हें कानून का पालन करने और पूर्व की आपराधिक गतिविधियों से पूरी तरह दूर रहने की सख्त हिदायत दी गई। पुलिस अधिकारियों ने बदमाशों को समाज में जिम्मेदार नागरिक के रूप में शांतिपूर्ण जीवन व्यतीत करने के लिए भी प्रेरित किया। साथ ही चेताया गया कि किसी भी तरह की आपराधिक या असामाजिक गतिविधि में संलिप्त पाए जाने पर उनके विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

त्योहारों के मद्देनजर जिले के संवेदनशील क्षेत्रों प्रमुख चौक-चौराहों बाजारों सार्वजनिक स्थलों और आयोजन स्थलों पर पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है। इन स्थानों पर लगातार पेट्रोलिंग की जा रही है। इसके अलावा आदतन अपराधियों और निगरानी बदमाशों की गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जा रही है। कानून व्यवस्था प्रभावित होने की स्थिति में पुलिस द्वारा प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत तत्काल वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों की आड़ में उपद्रव या किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि करने वालों के खिलाफ सख्ती से निपटा जाएगा।

केसीजी पुलिस ने जिलेवासियों से आगामी त्योहारों एवं सार्वजनिक उत्सवों को आपसी भाईचारे शांति और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की है। पुलिस ने नागरिकों से किसी भी संदिग्ध गतिविधि या कानून-व्यवस्था से संबंधित सूचना तत्काल नजदीकी थाना अथवा पुलिस को देने कहा है। पुलिस ने कहा कि जिले में शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखना केवल पुलिस की नहीं बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। नागरिकों के सहयोग से त्योहारों को शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराया जा सकता है।

Exit mobile version