
सत्यमेव न्यूज छुईखदान। छुईखदान पुलिस ने टुल्लू पम्प चोरी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उनके कब्जे से चोरी किए गये टुल्लू पम्प, पाइप तथा तार काटने में इस्तेमाल किए गए सामान बरामद किया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में उपजेल सलोनी भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार ग्राम उदयपुर निवासी अंजु यादव ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 21 और 22 जून की दरमियानी रात अज्ञात व्यक्ति घर की दीवार लांघकर आंगन में लगे टुल्लू पम्प को चोरी कर ले गए। शिकायत के आधार पर छुईखदान थाना में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की। पूछताछ में गोपाल धुर्वे (40 वर्ष) एवं शेख अफताब (21 वर्ष) दोनों निवासी उदयपुर ने चोरी की वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी किए गये टुल्लू पम्प, पाइप तथा वारदात में प्रयुक्त चाकू बरामद किया गया। पुलिस ने पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर उपजेल सलोनी भेज दिया गया है।