जीवनदीप समिति की बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने पर हुआ मंथन

सत्यमेव न्यूज छुईखदान। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) छुईखदान में जीवनदीप समिति की साधारण बैठक पदेन सभापति एवं क्षेत्रीय विधायक यशोदा वर्मा की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुदृढ़, पारदर्शी और जनहितैषी बनाने के उद्देश्य से विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा करते हुए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक में समिति के सदस्यों ने अस्पताल की व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए मरीजों को समय पर उपचार, पर्याप्त दवाइयों की उपलब्धता, स्वच्छ एवं व्यवस्थित अस्पताल, चिकित्सकों की नियमित उपस्थिति तथा शासन की सभी नि:शुल्क स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ बिना किसी बाधा के आम जनता तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया साथ ही यह निर्णय लिया गया कि प्रसव, सिजेरियन प्रसव, नसबंदी, लैब जांच सहित सभी शासकीय नि:शुल्क स्वास्थ्य सेवाएं पूर्ण पारदर्शिता के साथ संचालित हों तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
बैठक में वर्ष 2025-26 एवं 2026-27 के आय-व्यय का ब्यौरा, पूर्व बैठक के निर्णयों की समीक्षा, अस्पताल में दवाइयों एवं चिकित्सा उपकरणों की उपलब्धता, जेम (GeM) पोर्टल के माध्यम से सामग्री क्रय, उपकरणों के भौतिक सत्यापन तथा अस्पताल की कार्यप्रणाली से जुड़े कुल 25 महत्वपूर्ण एजेंडों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। समिति ने अस्पताल के समग्र विकास के लिए अतिरिक्त एम्बुलेंस एवं 108 संजीवनी वाहन की उपलब्धता, मरीजों के लिए लिफ्ट, आपातकालीन डीजी जनरेटर, अस्पताल तक पहुंच मार्ग का कंक्रीटीकरण, परिसर में चेकर टाइल्स, वार्डों में बेहतर वेंटिलेशन एवं एग्जॉस्ट फैन, अग्निशमन प्रणाली, मरीजों की गोपनीयता के लिए पर्दों की व्यवस्था, वृक्षारोपण, सिजेरियन प्रसव सुविधा के विस्तार तथा महिला चिकित्सक की नियुक्ति सहित अन्य आवश्यक मूलभूत सुविधाओं को विकसित करने संबंधी प्रस्तावों पर भी सहमति व्यक्त की। बैठक में उपस्थित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों से संबंधित प्रस्तावों पर आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया। अध्यक्षता कर रही विधायक यशोदा वर्मा ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि समिति द्वारा उठाए गए जनहित के सभी विषयों पर गंभीरता एवं समयबद्धता के साथ कार्यवाही सुनिश्चित की जाए ताकि क्षेत्र की जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। बैठक के समापन के बाद जीवनदीप समिति के सदस्यों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। सभी ने अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेते हुए कहा कि बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के साथ स्वच्छ, हरित एवं प्रदूषणमुक्त वातावरण भी स्वस्थ समाज की आधारशिला है। बैठक में जीवनदीप समिति के सदस्य प्रदीप श्रीवास्तव, कृष्णकांत महोबिया, किशन सिलोटिया, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (विकासखंड छुईखदान) डॉ.मनीष बघेल, नेत्र चिकित्सक डॉ.विनय रामटेके, बृजेश ताम्रकार, विनोद पटेल, नगर पंचायत उपाध्यक्ष प्रकाश महोबिया, पत्रकार शैलेंद्र तिवारी सहित विद्युत, महिला एवं बाल विकास, पीएचई, पीडब्ल्यूडी, नगर पंचायत तथा अन्य विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं अस्पताल का चिकित्सकीय स्टाफ उपस्थित रहा।

Exit mobile version