जिले में पत्रकारों को मिला नया कार्यस्थल, प्रेस क्लब भवन का हुआ लोकार्पण

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जिला मुख्यालय के सर्किट हाउस के समीप नवनिर्मित जिला पत्रकार संघ (प्रेस क्लब) भवन का लोकार्पण सांसद संतोष पांडेय ने किया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों पत्रकारों और गणमान्य नागरिकों की मौजूदगी रही। भवन के शुरू होने से स्थानीय पत्रकारों को बैठक संवाद और संगठनात्मक गतिविधियों के लिए सुविधाजनक स्थान उपलब्ध हो गया है। लोकार्पण अवसर पर सांसद संतोष पांडेय ने पत्रकारिता को लोकतंत्र का महत्वपूर्ण आधार बताते हुए कहा कि मीडिया की जिम्मेदारी केवल समाचारों को प्रकाशित या प्रसारित करने तक सीमित नहीं है। पत्रकार जनसमस्याओं को सामने लाने लोगों को जागरूक करने और शासन प्रशासन तक जनहित के मुद्दे पहुंचाने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं। ग्रामीण और छोटे शहरों के पत्रकार स्थानीय समस्याओं तथा विकास से जुड़े विषयों को प्रमुखता से उठाकर प्रभावी भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि नए भवन से पत्रकारों को बेहतर कार्य वातावरण मिलेगा और आपसी समन्वय भी मजबूत होगा। सांसद ने पत्रकारों से निष्पक्षता विश्वसनीयता और पत्रकारिता की गरिमा बनाए रखने का आह्वान किया।

विधायक यशोदा नीलांबर वर्मा ने पत्रकार संघ को भवन लोकार्पण की बधाई देते हुए कहा कि स्थानीय पत्रकार जनहित की आवाज को मजबूती से सामने रखते हैं। उन्होंने प्रेस क्लब भवन के विस्तार के लिए विधायक निधि से 5 लाख रुपये देने की घोषणा की है। वहीं नगर पालिका अध्यक्ष गिरजा चंद्राकर ने भी भवन में आवश्यक सुविधाओं के विस्तार के लिए 5 लाख रुपये देने की घोषणा की। जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने पत्रकारों को समाज और प्रशासन के बीच महत्वपूर्ण कड़ी बताते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। उल्लेखनीय है कि जिला पत्रकार संघ भवन के निर्माण के लिए सांसद निधि से 10 लाख रुपये स्वीकृत किए गए थे। अब विधायक निधि और नगर पालिका अध्यक्ष की ओर से घोषित 5-5 लाख रुपये से भवन में अतिरिक्त कक्ष तथा अन्य जरूरी सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा।

कार्यक्रम में अतिथियों ने सुबह घर-घर समाचार पत्र पहुंचाने वाले हॉकरों को रेनकोट वितरित किए। बारिश के बीच भी नियमित रूप से समाचार पत्र पाठकों तक पहुंचाने वाले हॉकरों के योगदान की सराहना की गई। इस अवसर पर जिला पत्रकार संघ के संरक्षकगण चैतेंद्र तिवारी, अनुराग शांति तुरे, खिलेंद्र नामदेव, जीवेश शर्मा, अध्यक्ष जितेंद्र सिंह गौर, सचिव प्रशांत सहारे, कोषाध्यक्ष श्रेयांश सिंह, वरिष्ठ पत्रकार यतेंद्रजीत सिंह, किशोर सोनी, याहिया नियाजी, शिवानी परिहार, जितेंद्र यादव, आलोक श्रीवास, राजू यदु, प्रदीप बोरकर, यतीश साहू, उमेश्वर वर्मा, राजेंद्र सिंह चंदेल, साकेत श्रीवास्तव, प्रकाश सिंह, नीलेश यादव, विमल बोरकर, शैलेंद्र मिश्रा, सोमेश लहरे, रंजीत सिंह, तुलेश सिन्हा, नवदीप श्रीवास्तव, मनोहर सेन, आकाश तिवारी सहित पत्रकार संघ के सदस्य एवं अन्य पत्रकार उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विशेष तौर पर बतौर अतिथि सांसद प्रतिनिधि खम्मन ताम्रकार, पूर्व विधायक कोमल जंघेल, जनपद अध्यक्ष डॉ.राजेश्री त्रिपाठी सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे जिन्होंने पत्रकारों की हौसला अफजाई की।

Exit mobile version