जिले में ‘गौ सेवा संगम’ के साथ गौ विज्ञान परीक्षा का दूसरा चरण सम्पन्न

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जिले में गौ विज्ञान परीक्षा का दूसरा चरण सफलतापूर्वक आयोजित किया गया। इस परीक्षा के पहले चरण में अपने-अपने विद्यालयों में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को गौ विज्ञान किट प्रदान की गई। मिडिल, हाई, हायर सेकेंडरी तथा महाविद्यालय स्तर के कुल 234 विद्यार्थियों ने परीक्षा में भाग लिया। इस अवसर पर डॉ. पदुमलाल पुन्नालाल बख्शी शासकीय उत्कृष्ट हिंदी एवं अंग्रेजी माध्यम विद्यालय खैरागढ़ में ‘गौ सेवा संगम’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में सुधीर गौतम उपस्थित रहे वहीं मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता शशांक ताम्रकार ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में मोतीलाल यादव, मनोज गिड़िया, गिरिजा नंद चंद्राकर, नीलिमा गोस्वामी और राजेंद्र डाकलिया उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत हवन-पूजन से की गई। इसके बाद सामूहिक रूप से ‘श्री सुरभ्यै नमः’ मंत्रोच्चार के साथ गौ माता की आरती की गई। मुख्य अतिथि विक्रांत सिंह ने गौवंश के धार्मिक, सांस्कृतिक और आर्थिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए इसके संरक्षण और संवर्धन की आवश्यकता पर जोर दिया वहीं मुख्य वक्ता सुधीर गौतम ने गौ आधारित जीवनशैली, स्वास्थ्य और आर्थिक समृद्धि से जुड़े पहलुओं पर जानकारी दी। उन्होंने स्व-बोध परिवार जागरण, सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण और नागरिक कर्तव्य जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा करते हुए समाज में सकारात्मक बदलाव के लिए इन मूल्यों को अपनाने की अपील की। कार्यक्रम के अंत में परीक्षा में शामिल विद्यार्थियों को गौ उत्पाद किट प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों, पालकों और शिक्षकों को स्वस्थ और सुरक्षित भविष्य के लिए संकल्प भी दिलाया गया। संकल्प में गौपालन को बढ़ावा देने, गौशालाओं से जुड़ने, देशी गौ उत्पादों के उपयोग को प्रोत्साहित करने, गौवंश की सुरक्षा, गौ आधारित खेती और जैविक उत्पादों के उपयोग जैसे बिंदुओं को शामिल किया गया। कार्यक्रम के संचालन जिला नोडल मनोहर चंदेल, छुईखदान नोडल चेतराम वर्मा ने किया।

Exit mobile version