जिले की सभी 221 ग्राम पंचायतों में रोजगार दिवस के साथ मनाया जाएगा आवास दिवस

सत्यमेव न्यूज खैरागढ। जिले में ग्रामीणों को शासकीय योजनाओं का लाभ एक ही मंच पर उपलब्ध कराने की पहल के तहत 07 फरवरी 2026 को सभी 221 ग्राम पंचायतों में रोजगार दिवस का आयोजन किया जाएगा। इस बार रोजगार दिवस के साथ चावल महोत्सव एवं आवास दिवस का भी संयुक्त रूप से आयोजन किया जाएगा। कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रेम कुमार पटेल के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीणों को रोजगार और आवास से संबंधित योजनाओं की जानकारी देना और उनकी समस्याओं का मौके पर ही समाधान करना है। कार्यक्रम के दौरान ग्राम पंचायतों और मनरेगा कार्यस्थलों पर ग्रामीणों को विकसित भारत-जी राम जी अभियान से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। पंचायत भवनों में लगाए गए क्यूआर कोड के माध्यम से श्रमिकों को योजनाओं की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही आजीविका डबरी निर्माण और जल संरक्षण कार्यों के महत्व से अवगत कराते हुए अधिक से अधिक लोगों को इन योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया जाएगा। आवास दिवस के तहत ग्राम पंचायत स्तर पर पात्र हितग्राहियों की सूची का वाचन नवस्वीकृत आवासों के स्वीकृति पत्रों का वितरण तथा आवास निर्माण में आने वाली तकनीकी और प्रशासनिक समस्याओं का निराकरण किया जाएगा।

इसके अलावा ई-केवाईसी लंबित किस्तों का भुगतान और 90 दिनों की अकुशल मजदूरी राशि से जुड़े मामलों को प्राथमिकता से निपटाने की व्यवस्था रहेगी। निर्माण कार्यों में सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए स्व-सहायता समूहों के माध्यम से सामग्री बैंक स्थापित किए जाएंगे जहां सेंट्रिंग प्लेट, ईंट, रेत सहित आवश्यक निर्माण सामग्री उपलब्ध रहेगी। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रेम कुमार पटेल ने बताया कि रोजगार दिवस और आवास दिवस के संयुक्त आयोजन से ग्रामीणों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। इससे योजनाओं का लाभ अधिक पारदर्शिता और तेजी के साथ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जा सकेगा।

Exit mobile version