जिलेभर में गूंजा साइबर सुरक्षा का संदेश, 2000 लोग हुए जागरूक

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। साइबर अपराधों की रोकथाम और सुरक्षित डिजिटल व्यवहार को लेकर जिले में साइबर जागृति अभियान लगातार जारी है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में 22 अगस्त को सभी थाना क्षेत्रों में स्कूलों छात्रावासों और सार्वजनिक स्थलों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। पुलिस टीमों ने ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों सहित विभिन्न स्थानों पर पहुंचकर करीब 2000 विद्यार्थियों, शिक्षकों और नागरिकों को ऑनलाइन ठगी, फिशिंग, OTP फ्रॉड, UPI-बैंकिंग धोखाधड़ी, फर्जी लिंक, सोशल मीडिया अपराध और डिजिटल अरेस्ट जैसे साइबर अपराधों से बचाव की जानकारी दी। पुलिस ने लोगों से OTP, PIN और पासवर्ड साझा नहीं करने अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने तथा संदिग्ध कॉल या मैसेज पर प्रतिक्रिया नहीं देने की अपील की। डिजिटल अरेस्ट के नाम पर धमकी मिलने पर डरकर पैसे ट्रांसफर नहीं करने और ठगी होने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने की समझाइश भी दी गई। अभियान के दौरान पुलिस ने बताया कि साइबर अपराधी लगातार नए तरीकों से लोगों को निशाना बना रहे हैं। ऐसे में जागरूकता और सतर्कता ही साइबर अपराध से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है। पुलिस ने नागरिकों से स्वयं जागरूक रहने के साथ परिवार और आसपास के लोगों को भी साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने की अपील की है। अभियान आगे भी जिलेभर में जारी रहेगा।

सतर्क रहें, सुरक्षित रहें और साइबर अपराध से बचें।

Exit mobile version