जिला मुख्यालय खैरागढ़ में आधुनिक जिला पंचायत भवन का हुआ भूमिपूजन

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जिले में प्रशासनिक व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत पिपरिया स्थित जिला कार्यालय परिसर में प्रस्तावित नवीन जिला पंचायत भवन का भूमिपूजन किया गया। सांसद संतोष पाण्डेय ने विधिवत पूजा अर्चना कर निर्माण कार्य की शुरुआत की। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों अधिकारियों और बड़ी संख्या में नागरिकों की उपस्थिति रही। भूमिपूजन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद संतोष पाण्डेय ने कहा कि नया जिला पंचायत भवन बनने से प्रशासनिक कार्यों में गति आएगी और आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। विभिन्न विभागों के एक ही परिसर में संचालित होने से लोगों को अलग अलग कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने को सरकार की प्राथमिकता बताया।पारदर्शिता और दक्षता में होगा सुधार सांसद ने कहा कि भवन के निर्माण से योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता और दक्षता बढ़ेगी। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा में और गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूरा किया जाए।

जिला पंचायत अध्यक्ष प्रियंका खम्हन ताम्रकार ने इस पहल को ऐतिहासिक बताया और नए भवन के निर्माण पर खुशी जताई। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रेम कुमार पटेल ने भवन की प्रस्तावित संरचना की जानकारी देते हुए बताया कि यह भवन आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा। यहां विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जा सकेगा जिससे ग्रामीण विकास योजनाओं के संचालन में तेजी आएगी और नागरिकों को समयबद्ध सेवाएं मिलेंगी।

कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य विभिन्न समितियों के सभापति नगरपालिका एवं जनपद पंचायत के पदाधिकारी समाजसेवी रेडक्रॉस सोसायटी से जुड़े सदस्य अधिकारी कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे। स्थानीय नागरिकों ने इस पहल को जिले के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।

Exit mobile version