जिला पंचायत सामान्य सभा में विकास योजनाओं पर मंथन

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जिला पंचायत खैरागढ़-छुईखदान-गंडई की सामान्य सभा की बैठक में जिले में संचालित विकास कार्यों और शासकीय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। गुरुवार को जिला पंचायत कार्यालय के मैकाल सदन में आयोजित बैठक की अध्यक्षता जिला पंचायत अध्यक्ष प्रियंका खम्हन ताम्रकार ने की है। बैठक में शिक्षा स्वास्थ्य पेयजल कृषि विद्युत सड़क वन और सहकारिता सहित विभिन्न विभागों से जुड़े मुद्दों पर जनप्रतिनिधियों ने अधिकारियों के समक्ष अपनी बात रखी। बैठक में 16वें वित्त आयोग के अंतर्गत जिला पंचायत विकास योजना (DPDP) पर विशेष रूप से चर्चा हुई। विकास कार्यों की प्राथमिकताओं को लेकर सदस्यों से सुझाव लिए गए जिसके बाद योजना को अनुमोदित कर दिया गया। जनप्रतिनिधियों ने क्षेत्र की जरूरतों के अनुरूप कार्यों को प्राथमिकता देने पर जोर दिया है।

शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान जर्जर और अधूरे स्कूल भवनों के साथ शिक्षकविहीन तथा एकल शिक्षक वाले विद्यालयों का मामला सामने आया। सदस्यों ने कहा कि ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए रिक्त पदों को भरने तथा स्कूल भवनों की स्थिति सुधारने की दिशा में प्रभावी कार्रवाई जरूरी है। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की समीक्षा में जल जीवन मिशन और नल-जल योजनाओं की स्थिति पर चर्चा हुई। निर्माणाधीन पानी की टंकियों अधूरे कार्यों कार्यों की गुणवत्ता लंबित भुगतान और योजनाओं को ग्राम पंचायतों को हस्तांतरित करने जैसे विषय बैठक में उठे। योजनाओं के हस्तांतरण के बाद उनके रखरखाव और जलकर वसूली की व्यवस्था को प्रभावी बनाने पर भी चर्चा की गई।

कृषि और सहकारिता विभाग की समीक्षा के दौरान खरीफ सीजन को देखते हुए किसानों को पर्याप्त मात्रा में खाद समय पर उपलब्ध कराने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया है। जनप्रतिनिधियों ने खाद की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था पर निगरानी रखने की आवश्यकता बताई। विद्युत विभाग की समीक्षा में प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना सहित उपभोक्ताओं से संबंधित विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई। लोक निर्माण विभाग से जुड़े पुल-पुलिया निर्माण कार्यों की प्रगति की भी जानकारी ली गई।

बैठक में कोपरो रामपुर और कुम्हरवाड़ा में निर्माणाधीन छात्रावासों की प्रगति और निर्माण गुणवत्ता की समीक्षा की गई। संबंधित अधिकारियों को निर्धारित मापदंडों का पालन सुनिश्चित करने तथा लंबित निर्माण कार्यों को शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए गए। बैठक में जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह, सदस्य अरुणा राजू सिंह, हेमलता मंडावी, भुनेश्वरी जीवन देवांगन, जमुना नरेश कुर्रे, दिनेश वर्मा, ललित चोपड़ा, निर्मला विजय वर्मा और शताक्षी देवव्रत सिंह सहित जिला पंचायत के अन्य सदस्य मौजूद रहे। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रेम कुमार पटेल, उप संचालक पंचायत गीत कुमार सिन्हा, सांसद प्रतिनिधि खम्हन ताम्रकार, जनपद पंचायत खैरागढ़ अध्यक्ष राजेश्री त्रिपाठी, जनपद पंचायत छुईखदान अध्यक्ष पुष्पा प्रकाश वर्मा सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी बैठक में शामिल हुए। बैठक में अधिकारियों को योजनाओं के क्रियान्वयन में विभागीय समन्वय बनाए रखने विकास कार्यों की गुणवत्ता पर निगरानी रखने तथा शासकीय योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचाने के निर्देश दिए गए। अंत में मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रेम कुमार पटेल ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के प्रति आभार जताया।

Exit mobile version