
बहुमत के साथ भाजपा समर्थित सदस्यों का निर्विरोध अध्यक्ष उपाध्यक्ष बनना लगभग तय
कांग्रेस खेमे से केवल एक समर्थित व एक समर्पित उम्मीदवार की हुई है जीत
अध्यक्ष पद पर प्रियंका खम्हन ताम्रकार की हो सकती है ताजपोशी
उपाध्यक्ष पद पर विक्रांत सिंह का नाम लगभग फाइनल
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़. जिला गठन के बाद जिला पंचायत के पहले अध्यक्ष-उपाध्यक्ष के लिये हो रहे बहुप्रतिष्ठित चुनाव में भाजपा समर्थित उम्मीदवारों की ताजपोशी लगभग तय है। 10 सदस्यीय जिला पंचायत केसीजी में एक चौथाई बहुमत के साथ भाजपा समर्थित सदस्यों का निर्विरोध अध्यक्ष-उपाध्यक्ष बनना तय माना जा रहा है। खराब टिकट वितरण व आपसी गुटबाजी व लड़ाई के बाद कांग्रेस खेमे से केवल एक समर्थित जिला पंचायत सदस्य श्रीमती निर्मला विजय वर्मा व एक समर्पित उम्मीदवार सुश्री शताक्षी देवव्रत सिंह की जीत हुई है। ऐसे में जिला पंचायत के अध्यक्ष व उपाध्यक्ष बनने के लिए कांग्रेस के पास प्रस्तावक व समर्थक का टोटा होगा दूसरी ओर जिला पंचायत के अध्यक्ष पद पर श्रीमती प्रियंका खम्हन ताम्रकार की ताजपोशी हो सकती है वहीं उपाध्यक्ष पद पर अभिभाजित राजनांदगांव जिले के पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह का नाम लगभग फाइनल माना जा रहा है।
भाजपा के पास है 10 में से 8 जिला पंचायत सदस्य का जादुई आंकड़ा
गौर करें कि भाजपा के पास जिला पंचायत चुनाव के नतीजे के बाद 10 में से 8 जिला पंचायत सदस्यों का जादुई आंकड़ा मौजूद है। भाजपा के विश्वस्त सूत्रों की माने तो बुधवार 5 मार्च को जब जिला पंचायत में अध्यक्ष-उपाध्यक्ष निर्वाचन की प्रक्रिया सुबह 10:00 के बाद शुरू होगी तो क्षेत्र क्र.1 साल्हेवारा से हेमलता मांडवी, क्षेत्र क्र.3 कटंगी से श्रीमती प्रियंका खम्हन ताम्रकार, क्षेत्र क्र.4 भुरभूसी से विक्रांत सिंह, क्षेत्र क्र.5 उदयपुर से ललित चोपड़ा, क्षेत्र क्र.6 से पांडादाह से दिनेश वर्मा, क्षेत्र क्र.7 मुढ़ीपार से भाजपा समर्पित श्रीमती अरुणा राजू सिंह, क्षेत्र क्र.8 से बाजार अतरिया से श्रीमती जमुना नरेश कुर्रे, क्षेत्र क्र.10 ठेलकाडीह से श्रीमती भुवनेश्वरी जीवन देवांगन कुल 8 जिला पंचायत सदस्य भाजपा खेमे में होंगे। ऐसे में भाजपा का निर्विरोध अध्यक्ष उपाध्यक्ष बनना लगभग तय है।