जांच के बीच स्काई लिफ्ट का भुगतान क्यों? विधायक प्रतिनिधि ने मांगा जवाब

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। नगर पालिका में करीब 1.31 करोड़ रुपए की लागत से खरीदी गई तीन स्काई लिफ्ट मशीनों को लेकर अब जांच के साथ भुगतान का मुद्दा भी सामने आया है। ठोस अपशिष्ट प्रबंधन मद से हुई इस खरीदी की प्रक्रिया और मशीनों की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए विधायक प्रतिनिधि मनराखन देवांगन ने अपर कलेक्टर सुरेंद्र ठाकुर को ज्ञापन सौंपकर हस्तक्षेप की मांग की है। शिकायतकर्ता का कहना है कि स्काई लिफ्ट की खरीदी को लेकर जांच समिति पहले ही गठित की जा चुकी है। जब पूरी प्रक्रिया जांच के दायरे में है तो जांच रिपोर्ट आने से पहले भुगतान किए जाने का कोई औचित्य नहीं है। उन्होंने मांग की कि समिति की जांच पूरी होने और रिपोर्ट आने तक नगर पालिका को संबंधित भुगतान करने से रोका जाए।

मनराखन देवांगन के अनुसार जांच में यह स्पष्ट होना जरूरी है कि मशीनों की खरीदी निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप हुई है या नहीं तथा उनकी गुणवत्ता तय मानकों के अनुसार है या नहीं। उन्होंने अपर कलेक्टर से पूरे मामले की निष्पक्षता के साथ जांच कराने और जांच के निष्कर्ष के आधार पर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित करने का आग्रह किया है। उन्होंने यह भी मांग रखी कि यदि जांच के दौरान किसी प्रकार की वित्तीय या प्रक्रियागत अनियमितता सामने आती है तो संबंधित जिम्मेदारों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाए। शिकायत के दौरान शहर कांग्रेस अध्यक्ष अरुण भारद्वाज, दीपक देवांगन, शेखर दास, रतन सिंगी समेत अन्य लोग उपस्थित रहे।

Exit mobile version