जहर बन रहा ‘पानी’: गंडई में फूड सेफ्टी का छापा, 80 बोरी पाउच सीज

खैरागढ़/गंडई। जिले में पैकेज्ड पेयजल के नाम पर चल रहे अवैध कारोबार का बड़ा खुलासा हुआ है। खाद्य सुरक्षा विभाग की छापामार कार्रवाई में बिना मानकों के तैयार पानी पाउच की भारी मात्रा जब्त की गई है जिससे जनस्वास्थ्य को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

खाद्य सुरक्षा विभाग खैरागढ़ की टीम ने 22 मार्च को मेसर्स शिव जल इंडस्ट्रीस में औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान बिना बैच नंबर वाले करीब 80 बोरी पानी पाउच बरामद किए गए जिन्हें तत्काल प्रभाव से सीज कर दिया गया। जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत 1760 रुपये बताई गई है।

निरीक्षण के दौरान ‘सुहीनी’ ब्रांड के 250 मिलीलीटर पानी पाउच का नमूना भी लिया गया है। इसे विधिक प्रक्रिया के तहत गुणवत्ता परीक्षण के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।

जांच में सामने आया कि पानी पाउच पर बैच नंबर, निर्माण तिथि और एक्सपायरी जैसी अनिवार्य जानकारी नहीं थी। यह खाद्य सुरक्षा मानकों का सीधा उल्लंघन है। ऐसे उत्पादों का बाजार में बिकना आम लोगों की सेहत के साथ गंभीर खिलवाड़ माना जा रहा है।

जानकारों के अनुसार पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर के लिए देश में सख्त नियम लागू हैं लेकिन इसके बावजूद गंडई और आसपास के क्षेत्रों में कई छोटे यूनिट बिना लाइसेंस और मानकों के पानी पाउच बनाकर बाजार में खपा रहे हैं। कम कीमत के कारण दुकानदार भी इन्हें बेचने से नहीं हिचक रहे हैं।

स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार, बिना जांच और मानकों के तैयार पानी में बैक्टीरिया और हानिकारक तत्व हो सकते हैं। इससे पेट संक्रमण, उल्टी-दस्त और अन्य जलजनित बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है।

फूड सेफ्टी विभाग की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप जरूर मचा है, लेकिन यह देखना बाकी है कि क्या इससे स्थायी सुधार होगा। जब तक नियमित निगरानी, सख्त कार्रवाई और उपभोक्ताओं में जागरूकता नहीं बढ़ेगी तब तक ऐसे अवैध कारोबार पर पूरी तरह रोक लगाना मुश्किल रहेगा। बहरहाल इस घटना ने एक गंभीर चेतावनी छोड़ी है कि पानी जैसे बुनियादी संसाधन को भी मुनाफाखोरी का जरिया बनाया जा रहा है ऐसे में जरूरत है कि प्रशासन अपनी भूमिका का ईमानदारी से निर्भर करें और लगातार इस दिशा में सख्ती बरती जाये वहीं आम नागरिक भी सस्ते के लालच में अपनी सेहत से समझौता न करें क्योंकि यहां दांव पर जिंदगी है।

Exit mobile version