जयपुर की राष्ट्रीय फुटबॉल लीग में श्रेयांश ने जीता स्वर्ण पदक

खैरागढ़। छुईखदान निवासी युवा फुटबॉल खिलाड़ी श्रेयांश श्रीवास्तव ने जयपुर, राजस्थान में आयोजित 17वीं नेशनल स्पोर्ट्स चैंपियनशिप 2026 की फुटबॉल लीग में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया। प्रतियोगिता का आयोजन 12 से 15 सितंबर तक जयपुर में किया गया। श्रेयांश का चयन इस राष्ट्रीय स्तर की फुटबॉल प्रतियोगिता के लिए हुआ था। उन्होंने प्रतियोगिता में उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। उनकी इस उपलब्धि से छुईखदान सहित पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। गौरतलब है कि श्रेयांश हाल ही में नेपाल में आयोजित फुटबॉल प्रतियोगिता में भी अपने खेल का प्रभावशाली प्रदर्शन कर लौटे थे। इसके बाद उन्हें जयपुर में आयोजित राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में प्रतिभा दिखाने का अवसर मिला। प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए वे गुरुवार को जयपुर के लिए रवाना हुए थे। श्रेयांश की लगातार बेहतर होती खेल प्रतिभा को क्षेत्र के लिए गौरव की उपलब्धि माना जा रहा है। उनके स्वर्ण पदक जीतने पर नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि गिरीराज किशोर दास, भाजयुमो के नितिराज चंद्राकर, फुटबॉल अकादमी के संरक्षक संतोष कामड़े तथा कोच राजेश चौबे सहित परिजनों ने शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल खेल भविष्य की कामना की।

Exit mobile version