
ग्रामीणों को विधिक सहायता योजनाओं और लोक अदालत की दी गई जानकारी
सत्यमेव न्यूज छुईखदान। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के मार्गदर्शन में छिंदारी बांध रोड स्थित क्षेत्र में जागरूकता अभियान आयोजित कर ग्रामीणों को नशे के दुष्परिणाम साइबर अपराध से बचाव तथा निःशुल्क विधिक सहायता संबंधी जानकारी दी गई। कार्यक्रम में पैरालीगल वालंटियर (पीएलवी) सुनील कुमार ने कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य परिवार शिक्षा और सामाजिक जीवन को प्रभावित करता है। उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहकर शिक्षा खेल और रचनात्मक गतिविधियों से जुड़ने की सलाह दी। साथ ही अभिभावकों से बच्चों पर विशेष ध्यान देने तथा उन्हें गलत संगति से बचाने का आग्रह किया है। उन्होंने राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि मानव तस्करी एवं वाणिज्यिक यौन शोषण के पीड़ितों एसिड अटैक पीड़ितों सहित अन्य जरूरतमंदों को निःशुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध कराई जाती है। उन्होंने बताया कि 12 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत में राजीनामा योग्य मामलों का आपसी सहमति से त्वरित निराकरण कराया जा सकेगा। निःशुल्क कानूनी सलाह के लिए हेल्पलाइन नंबर 15100 पर संपर्क करने की जानकारी भी दी गई। इस दौरान थाना छुईखदान के प्रधान आरक्षक अख्तर बेग मिर्जा ने साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों को देखते हुए ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि लॉटरी इनाम कैशबैक बीमा या अन्य आकर्षक ऑनलाइन ऑफर्स के झांसे में नहीं आएं और किसी भी संदिग्ध कॉल या लिंक पर अपनी व्यक्तिगत एवं बैंकिंग जानकारी साझा न करें। साइबर ठगी की स्थिति में तत्काल 1930 हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की गई। अभियान में उपस्थित ग्रामीणों ने नशामुक्त समाज के निर्माण और साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने का संकल्प भी लिया है।