छुईखदान बस स्टैंड में जल संकट

सत्यमेव न्यूज छुईखदान। नगर पंचायत क्षेत्र में जय स्तंभ चौक से बाजार लाइन चौक तक हर शनिवार यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा जाती है। सड़क के बीचों-बीच फल विक्रेताओं द्वारा ठेले लगाए जाने से आवागमन बाधित हो जाता है। चौड़ी सड़क होने के बावजूद स्थिति यह रहती है कि एक वाहन का निकलना भी मुश्किल हो जाता है जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

स्थानीय नागरिकों के अनुसार यह समस्या लंबे समय से बनी हुई है। शनिवार को बाजार के चलते यहां भारी भीड़ उमड़ती है और ठेलों की संख्या बढ़ जाती है। खासकर बस स्टैंड और प्याऊ घर के आसपास दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती है जिससे शहर की यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित होती है।

फल विक्रेता सड़क घेरकर कारोबार करते हैं और ग्राहक अपनी गाड़ियां सड़क पर ही खड़ी कर देते हैं। इससे समस्या और गंभीर हो जाती है। नागरिकों का कहना है कि न तो पुलिस विभाग और न ही नगर पंचायत द्वारा इस दिशा में कोई ठोस कार्रवाई की जा रही है जिससे लोगों में आक्रोश बढ़ रहा है।

बस स्टैंड क्षेत्र में पानी की व्यवस्था भी बदहाल है। यहां एकमात्र बोर है जिस पर लगभग 50 से 60 दुकानदारों की दैनिक जरूरतें निर्भर हैं लेकिन बोर के आसपास कोई समुचित व्यवस्था नहीं है। दुकानदारों द्वारा उसे इस तरह घेर लिया गया है कि राहगीरों को वह दिखाई भी नहीं देता जिससे यात्रियों को पीने के पानी के लिए भटकना पड़ता है।

प्याऊ घर और आसपास गंदगी का अंबार लगा हुआ है। बदबू के कारण लोगों को परेशानी हो रही है और बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। नगर पंचायत की सफाई व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं। समस्याओं के समाधान के लिए नागरिकों ने सुझाव दिया है कि सभी फल विक्रेताओं को पोस्ट ऑफिस वाली लाइन में व्यवस्थित रूप से लगाया जाए। इससे सड़क खाली हो जाएगी और जाम की समस्या खत्म हो सकती है साथ ही लोगों को एक ही स्थान पर फल खरीदने की सुविधा भी मिलेगी। नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि अतिक्रमण हटाकर यातायात सुचारु किया जाए। फल विक्रेताओं को निर्धारित स्थान पर व्यवस्थित किया जाए। बस स्टैंड के बोर को खुला और उपयोग योग्य बनाया जाए तथा सफाई व्यवस्था में तत्काल सुधार किया जाए।

Exit mobile version