छुईखदान नगर पंचायत को मिले तीन नए एल्डरमैन, शासन ने जारी किया आदेश

सत्यमेव न्यूज छुईखदान। छत्तीसगढ़ शासन ने नगर पंचायत छुईखदान में तीन एल्डरमैन की नियुक्ति करते हुए अर्जुन महोबिया, राजू उइके और किरण गुप्ता को मनोनीत किया है। शासन के आदेश जारी होने के बाद नगर में राजनीतिक और सामाजिक हलकों में उत्साह का माहौल है। नवनियुक्त एल्डरमैन लंबे समय से सामाजिक गतिविधियों और भारतीय जनता पार्टी के संगठनात्मक कार्यों से जुड़े रहे हैं। नियुक्ति की जानकारी मिलते ही भाजपा पदाधिकारियों कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों ने उनका स्वागत कर शुभकामनाएं दीं। समर्थकों ने विश्वास जताया कि तीनों नगर हित से जुड़े मुद्दों को गंभीरता से उठाते हुए विकास कार्यों को गति देने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे। नगर पंचायत में एल्डरमैन की जिम्मेदारी जनहित से जुड़े विषयों पर अपने सुझाव देना विकास योजनाओं पर विचार रखना तथा परिषद के कार्यों में सहयोग करना होती है। ऐसे में नई नियुक्तियों को नगर के विकास की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। नगरवासियों ने उम्मीद जताई है कि नवनियुक्त एल्डरमैन अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा और पारदर्शिता के साथ करते हुए मूलभूत सुविधाओं के विस्तार जनसमस्याओं के समाधान और नगर के समग्र विकास को प्राथमिकता देंगे। इससे नगर पंचायत के विकास कार्यों को नई दिशा और गति मिलने की संभावना व्यक्त की जा रही है।

Exit mobile version