
गुणवत्ता से समझौता नहीं करने के निर्देश
जनप्रतिनिधियों ने किया निर्माण कार्य का निरीक्षण
कहा- समय-सीमा में तकनीकी मानकों के अनुरूप पूरा हो कार्य
सत्यमेव न्यूज छुईखदान। नगर पंचायत छुईखदान के वार्ड क्रमांक-6 में बहुप्रतीक्षित सीसी रोड निर्माण कार्य का शुभारंभ मंगलवार को विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भूमिपूजन के साथ किया गया। इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष नम्रता गिरिराज किशोर, वार्ड पार्षद निधि शैलेन्द्र तिवारी, नगर पंचायत उपाध्यक्ष प्रकाश महोबिया, रूबी सोनी, यशवंत रजक सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जनप्रतिनिधियों ने कहा कि सीसी रोड के निर्माण से वार्डवासियों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी, जलभराव की समस्या से राहत मिलेगी तथा क्षेत्र के समग्र विकास को नई गति प्राप्त होगी। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत क्षेत्र में नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार विकास कार्य कराए जा रहे हैं। भूमिपूजन के पश्चात जनप्रतिनिधियों ने निर्माणाधीन सीसी रोड का निरीक्षण भी किया। निरीक्षण के दौरान निर्माण सामग्री की गुणवत्ता, सड़क की मजबूती, तकनीकी मानकों के पालन तथा कार्य की प्रगति का बारीकी से जायजा लिया गया। इस दौरान संबंधित निर्माण एजेंसी को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि निर्माण कार्य निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुरूप उच्च गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूरा किया जाए तथा गुणवत्ता के स्तर पर किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए। वार्ड पार्षद निधि शैलेन्द्र तिवारी ने कहा कि वार्ड के समग्र विकास के लिए जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर कराया जा रहा है। उन्होंने वार्डवासियों के सहयोग एवं विश्वास के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी के सामूहिक प्रयास से वार्ड को स्वच्छ, सुंदर एवं सभी आवश्यक सुविधाओं से युक्त बनाया जाएगा। कार्यक्रम एवं निरीक्षण के दौरान पूर्व पार्षद प्रदीप श्रीवास्तव, पूर्व पार्षद गिरीश श्रीवास, शैलेन्द्र तिवारी सहित वार्ड के अनेक नागरिक उपस्थित रहे।