छुईखदान की 107 पंचायतों में चला स्वच्छता अभियान, जनभागीदारी से दिया स्वच्छ ग्राम का संदेश

सत्यमेव न्यूज छुईखदान। स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत छुईखदान विकासखंड की सभी 107 ग्राम पंचायतों में सप्ताहभर विशेष स्वच्छता गतिविधियों का आयोजन किया गया। अभियान का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन को मजबूत बनाना रहा। स्वच्छता सप्ताह का मुख्य कार्यक्रम ग्राम पंचायत पंडरिया में आयोजित किया गया जिसमें जिला पंचायत एवं जनपद पंचायत के जनप्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को घरों से नियमित कचरा संग्रहण कचरे के पृथक्करण और स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के महत्व की जानकारी दी गई। अभियान के तहत स्वच्छता कार्यों को गति देने के लिए स्वच्छता ग्राही समूहों को ट्राइसाइकिल वितरित की गई। समूह की महिलाओं को घर-घर कचरा संग्रहण और अपशिष्ट प्रबंधन कार्यों के प्रभावी संचालन के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही ग्रामीणों से यूजर चार्ज का नियमित भुगतान करने की अपील की गई ताकि स्वच्छता व्यवस्था के संचालन में आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता बनी रहे। इस अवसर पर प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत निर्माणाधीन आवासों का निरीक्षण भी किया गया।हितग्राहियों को आवास निर्माण कार्य समय पर पूरा करने के लिए प्रोत्साहित किया गया है। स्वच्छता सप्ताह के दौरान विभिन्न पंचायतों में साफ-सफाई अभियान जनजागरूकता रैलियां और श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किए गए। स्कूली बच्चों ने स्वच्छता संबंधी नारे लगाकर ग्रामीणों को जागरूक किया। सार्वजनिक स्थलों नालियों एवं अन्य क्षेत्रों की विशेष सफाई की गई तथा उपस्थित लोगों ने स्वच्छ और सुंदर ग्राम निर्माण का संकल्प लिया है। जनपद पंचायत छुईखदान ने ग्राम पंचायतों में जनसहभागिता के साथ स्वच्छता गतिविधियों को निरंतर जारी रखने और स्वच्छ भारत मिशन के उद्देश्यों को सफल बनाने का आह्वान किया है।

Exit mobile version