
चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में हासिल की उल्लेखनीय सफलता परिवार और नगर में खुशी का माहौल
सत्यमेव न्यूज छुईखदान। नगर की प्रतिभाशाली छात्रा अग्रणी सोनी ने चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय सफलता हासिल करते हुए अपने परिवार और नगर का नाम रोशन किया है। अग्रणी का चयन स्व. लखीराम अग्रवाल मेमोरियल गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज रायगढ़ में MBBS पाठ्यक्रम के लिए हुआ है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार शुभचिंतकों और नगरवासियों में हर्ष का माहौल है। अग्रणी सोनी प्रतिष्ठित नागरिक उत्तम सोनी एवं सरिता सोनी की सुपुत्री हैं। डॉक्टर बनने के अपने सपने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बढ़ाने पर परिजनों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं। उनकी सफलता की जानकारी मिलते ही बधाई देने वालों का उनके निवास पर पहुंचना शुरू हो गया। अपनी सफलता पर खुशी व्यक्त करते हुए अग्रणी सोनी ने इसका श्रेय अपने माता-पिता के आशीर्वाद शिक्षकों के मार्गदर्शन और अपनी निरंतर मेहनत को दिया। उन्होंने कहा कि सही दिशा में नियमित अध्ययन अनुशासन और दृढ़ संकल्प के साथ किसी भी बड़े लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। अग्रणी की इस उपलब्धि को नगर के प्रबुद्ध नागरिकों ने क्षेत्र की अन्य बेटियों और विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक बताया। उन्होंने कहा कि मेहनत और लगन के बल पर स्थानीय प्रतिभाएं भी बड़े मुकाम हासिल कर सकती हैं। नगरवासियों ने अग्रणी सोनी एवं उनके माता-पिता को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य और सफल चिकित्सकीय जीवन की कामना की है।