छात्रा से छेड़छाड़ मामले में समझौते का दबाव, पीड़ित परिवार ने एसपी से लगाई न्याय की गुहार

छुईखदान। थाना छुईखदान क्षेत्र के ग्राम पुरेना में 12वीं कक्षा की एक छात्रा के साथ कथित छेड़छाड़ के मामले में अब पीड़ित परिवार पर समझौता करने का दबाव बनाए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित छात्रा के पिता रवि कुमार कन्नौजे ने इस संबंध में पुलिस अधीक्षक खैरागढ़ को लिखित शिकायत सौंपकर न्याय की गुहार लगाई है। प्राप्त जानकारी अनुसार छात्रा जब स्कूल जा रही थी उसी दौरान ग्राम घिथौली से पहले नहर नाली के पास गांव के ही ऋतुराज जंघेल ने उसका हाथ पकड़कर जबरदस्ती करने का प्रयास किया। घटना से घबराई छात्रा ने इसकी सूचना अपने परिजनों को दी जिसके बाद थाना छुईखदान में शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए 16 फरवरी 2026 को आरोपी ऋतुराज जंघेल के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 74(2) तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम की धारा 3(1)(11) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि मामला दर्ज होने के बाद आरोपी पक्ष के लोग एकजुट होकर लगातार उन पर राजीनामा करने का दबाव बना रहे हैं। परिवार का कहना है कि समझौता नहीं करने पर उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने और गांव से बाहर निकालने की धमकी भी दी जा रही है।पीड़ित रवि कुमार कन्नौजे ने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि धमकी देने वाले लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए तथा उनके परिवार को सुरक्षा प्रदान की जाए ताकि वे बिना किसी भय के न्याय की प्रक्रिया में सहयोग कर सकें।

Exit mobile version