चिंतन दिवस पर स्काउट-गाइड्स ने दिया एकता और सद्भाव का संदेश

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। पीएमश्री केन्द्रीय विद्यालय खैरागढ़ में भारत स्काउट्स एवं गाइड्स इकाई द्वारा स्काउट आंदोलन के संस्थापक रॉबर्ट बेडन पावेल की जयंती विश्व चिंतन दिवस के रूप में मनाई गई। विद्यालय स्तर पर आयोजित इस कार्यक्रम में उत्साह और अनुशासन का वातावरण देखने को मिला। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य अंजय कुमार ने की। आयोजन की शुरुआत सर्वधर्म प्रार्थना से हुई जिसमें कब बुलबुल स्काउट और गाइड विंग के विद्यार्थियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। विद्यार्थियों ने स्काउटिंग के आदर्शों और कर्तव्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। इस अवसर पर प्राचार्य अंजय कुमार ने अपने संबोधन में स्काउट आंदोलन की मूल भावना अनेकता में एकता और सामाजिक समरसता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि स्काउटिंग बच्चों में नेतृत्व क्षमता अनुशासन और सेवा भावना का विकास करती है।कार्यक्रम के दौरान अमृता चौधरी, गीतांजलि, ट्विंकल, प्रशांत घोंगड़े, घनश्याम पी. गिरिया, विनोद कुमार परते और अमित यादव ने भी अपने विचार साझा किए। संचालन सुदीप आर्य ने किया। आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

Exit mobile version