घटियारी शिव मंदिर की पावन धरा अब पहुंचेगी सोमनाथ धाम

सत्यमेव न्यूज गंडई। सोमनाथ स्वाभिमान यात्रा के अंतर्गत गंडई क्षेत्र के ऐतिहासिक और पुरातात्विक महत्व वाले घटियारी शिव मंदिर (बिरखा) से शनिवार को विधि-विधान के साथ पवित्र मिट्टी एवं त्रिवेणी जल का संग्रह किया गया। यह मिट्टी और जल गुजरात स्थित प्रथम ज्योतिर्लिंग सोमनाथ महादेव के चरणों में अर्पित किए जाएंगे। इस अवसर पर मंदिर परिसर में धार्मिक अनुष्ठान पूजा अर्चना और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच श्रद्धालुओं ने क्षेत्र की सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की है। कार्यक्रम में भारत स्काउट एवं गाइड के जिला मुख्य आयुक्त भागवत शरण सिंह के मार्गदर्शन में निर्मल त्रिवेणी महाअभियान के संयोजक सूरज देवांगन, योग प्रशिक्षक गौतम सोनी तथा समाजसेवी मंगल सारथी ने त्रिवेणी जल का संग्रहण किया। वहीं रूख्खड़ स्वामी ट्रस्ट समिति के अध्यक्ष रामकुमार सिंह के नेतृत्व में महंत प्रमोद गिरी गोस्वामी उत्तम दशरिया एवं अन्य श्रद्धालुओं ने मंदिर परिसर की पवित्र मिट्टी एकत्रित की। धार्मिक आयोजन के दौरान मंदिर परिसर “हर-हर महादेव” और जय सोमनाथ के उद्घोष से गूंजता रहा। बड़ी संख्या में ग्रामवासी श्रद्धालु और ग्राम धरोहर समिति के सदस्य कार्यक्रम में शामिल हुए। उपस्थित लोगों ने इसे क्षेत्र की धार्मिक पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिष्ठित करने वाला महत्वपूर्ण अवसर बताया।
सोमनाथ स्वाभिमान यात्रा में जिले का प्रतिनिधित्व करने वाले श्रद्धालुओं में डॉ. पीसीलाल यादव, राजकुमार मसखरे, मुकेश कुमार, नीरज साहू, लच्छू यादव, बोधन सिंह चंदेल तथा धर्मेंद्र कुमार जंघेल शामिल हैं। ग्रामीणों का कहना है कि जिले के विभिन्न धार्मिक स्थलों से पवित्र जल और मिट्टी को सोमनाथ धाम तक पहुंचाने की यह पहल सनातन संस्कृति धार्मिक समरसता और सांस्कृतिक एकता को सशक्त करने का कार्य कर रही है। श्रद्धालुओं ने यात्रा की सफलता क्षेत्र की सुख-समृद्धि तथा जनकल्याण की कामना करते हुए भगवान सोमनाथ से आशीर्वाद प्राप्त किया है।

Exit mobile version