
विधायक यशोदा नीलांबर वर्मा ने किया प्रतिमा का अनावरण, शौर्य और बलिदान को किया नमन
सत्यमेव न्यूज छुईखदान। ग्राम बोरई में वीरांगना रानी अवंती बाई लोधी की प्रतिमा का भव्य अनावरण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक यशोदा नीलांबर वर्मा शामिल हुईं। इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीण सामाजिक कार्यकर्ता एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक यशोदा नीलांबर वर्मा ने वीरांगना रानी अवंती बाई लोधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया। प्रतिमा के अनावरण के दौरान पूरा परिसर रानी अवंती बाई अमर रहें के नारों से गूंज उठा। उपस्थित लोगों ने वीरांगना रानी अवंती बाई के अदम्य साहस शौर्य और देश के प्रति उनके बलिदान को श्रद्धापूर्वक नमन किया। जनसभा को संबोधित करते हुए विधायक यशोदा नीलांबर वर्मा ने कहा कि वीरांगना रानी अवंती बाई लोधी का जीवन राष्ट्रभक्ति साहस और नारी शक्ति का प्रेरणादायी उदाहरण है। 1857 के स्वतंत्रता संग्राम में उन्होंने जिस अदम्य वीरता और संघर्ष का परिचय दिया वह देश की आने वाली पीढ़ियों को सदैव प्रेरणा देता रहेगा। उन्होंने कहा कि वीरांगना रानी अवंती बाई का जीवन केवल इतिहास का गौरवशाली अध्याय नहीं बल्कि समाज में देशप्रेम आत्मसम्मान और साहस की भावना को मजबूत करने वाली प्रेरणा है। उनकी स्मृति में स्थापित प्रतिमा नई पीढ़ी को उनके त्याग और संघर्ष से परिचित कराने का माध्यम बनेगी। समारोह में ग्रामीणों में विशेष उत्साह देखने को मिला। उपस्थित जनों ने वीरांगना रानी अवंती बाई लोधी के आदर्शों को आत्मसात करने और उनके शौर्य एवं बलिदान को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।