गणेश विसर्जन से पहले खैरागढ़ पुलिस ने बदमाशों पर कसा शिकंजा

खैरागढ़। गणेश विसर्जन एवं झांकी कार्यक्रम को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए खैरागढ़ पुलिस ने कानून-व्यवस्था को लेकर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने पूर्व आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त एवं उपद्रवी प्रवृत्ति के पांच लोगों को चिन्हांकित कर उनके विरुद्ध कार्रवाई की है। साथ ही उत्सव के दौरान ऐसे तत्वों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखने की बात कही है। पुलिस के अनुसार गणेश विसर्जन एवं झांकी के दौरान किसी तरह की अप्रिय स्थिति न बने इसके लिए थाना खैरागढ़ क्षेत्र में ऐसे व्यक्तियों की पहचान की गई जिनकी पूर्व में आपराधिक गतिविधियों अथवा उपद्रवी प्रवृत्ति से संबंधित जानकारी सामने आई है। चिन्हांकित पांच लोगों के खिलाफ इस्तगासा क्रमांक 60/361/2026 से 64/365/2026 के तहत धारा 170/126 एवं 135(3) बीएनएसएस में प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है। कार्रवाई की जद में गजेन्द्र उर्फ गज्जू पटेल (22) निवासी गोकुलपारा खैरागढ़ प्रियांशु उर्फ रिशु (20) निवासी वार्ड क्रमांक 18 खैरागढ़; शेख फरहान (23) निवासी वार्ड क्रमांक 13 राजनांदगांव व हाल निवासी नूर कैफे खैरागढ़; जितेन्द्र उर्फ जित्तू पटेल (27) निवासी अंबेडकर वार्ड खैरागढ़ तथा यासर खान उर्फ शेरा (25) निवासी वार्ड क्र.07 गोल बाजार खैरागढ़ शामिल हैं।

गणेश उत्सव के दौरान झांकी और विसर्जन कार्यक्रमों को देखते हुए पुलिस ने क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी है। पुलिस द्वारा असामाजिक एवं आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों की गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जा रही है। बताया गया है कि कानून-व्यवस्था प्रभावित करने की स्थिति में आवश्यकतानुसार प्रतिबंधात्मक एवं वैधानिक कार्रवाई भी होगी। पुलिस का कहना है कि गणेश विसर्जन और झांकी के दौरान श्रद्धालुओं, आम नागरिकों तथा आयोजन समितियों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था की जा रही है।

खैरागढ़ पुलिस ने नागरिकों से गणेश उत्सव, झांकी और विसर्जन कार्यक्रमों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने में पुलिस-प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है। पुलिस ने किसी भी संदिग्ध गतिविधि, विवाद या कानून व्यवस्था प्रभावित करने वाली घटना की सूचना तत्काल पुलिस या नजदीकी थाने को देने का आग्रह किया है।

↑
Exit mobile version