खैरागढ़ में शक्ति बाला वेलफेयर फाउंडेशन की बैठक संपन्न, संगठन विस्तार के साथ चलेंगे जन सरोकार से जुड़े अभियान

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। सामाजिक सेवा एवं जनकल्याण के क्षेत्र में सक्रिय शक्ति बाला वेलफेयर फाउंडेशन ने संगठन विस्तार अभियान के तहत खैरागढ़ जिला इकाई की महत्वपूर्ण बैठक राम-जानकी परिसर में आयोजित की। बैठक में प्रदेश एवं जिला इकाई के पदाधिकारियों ने भाग लेकर संगठन की भावी कार्ययोजना पर विस्तार से विचार-विमर्श किया। बैठक में रायपुर से पहुंचीं फाउंडेशन की प्रदेश अध्यक्ष श्वेता ठाकुर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं जबकि प्रदेश उपाध्यक्ष अनुराग शांति तुरे ने बैठक में अपनी विशेष उपस्थिति दर्ज कराई। कार्यक्रम के प्रारंभ में प्रदेश अध्यक्ष का पुष्पगुच्छ एवं पुष्पमालाओं से आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। अपने संबोधन में प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती ठाकुर ने फाउंडेशन द्वारा संचालित जनकल्याणकारी गतिविधियों की जानकारी देते हुए कहा कि संगठन का उद्देश्य प्रदेश के प्रत्येक जिले में मजबूत इकाई गठित कर समाजहित एवं सेवा कार्यों को व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाना है। उन्होंने सामाजिक सहभागिता को संगठन की सबसे बड़ी शक्ति बताते हुए सभी पदाधिकारियों से जनसेवा के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। प्रदेश अध्यक्ष की विदाई के बाद आयोजित जिला इकाई की बैठक में आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा हुई। पदाधिकारियों ने मानसून के दौरान व्यापक पौधारोपण अभियान चलाने का निर्णय लिया। साथ ही संगठन से जुड़े प्रत्येक पदाधिकारी के जन्मदिवस पर पौधारोपण, जरूरतमंदों की सहायता, स्वास्थ्य एवं जनजागरूकता जैसे सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रम आयोजित करने पर सहमति बनी। बैठक में जिला अध्यक्ष सनत अग्रवाल, जिला उपाध्यक्ष घनश्याम बघेल, जिला सचिव अभिषेक अग्रवाल, सह सचिव सुनील कुमार मारकंडे, कोषाध्यक्ष एवं समाजसेवी हर्ष दशरिया, उपकोषाध्यक्ष सुधीर महोबे, पत्रकार प्रशांत सहारे, अधिवक्ता कौशल कोसरे, समाजसेवी डॉ.राजेश्वरी अग्रवाल, सुनीता गंगराले, भारती सोरी, गौतम श्रीवास्तव सहित पदाधिकारी एवं समाजसेवी उपस्थित रहे। बैठक का समापन संगठन को अधिक सक्रिय, जनोन्मुखी और सेवा-प्रधान बनाने के संकल्प के साथ हुआ। फाउंडेशन ने आगामी महीनों में विभिन्न सामाजिक एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़े अभियानों को व्यापक स्तर पर संचालित करने की घोषणा की।

Exit mobile version