खैरागढ़ में राजीव गाँधी पुण्यतिथि पर कांग्रेस ने दी श्रद्धांजलि

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न राजीव गाँधी के 34वें बलिदान दिवस पर गुरुवार को शहर कांग्रेस कमेटी द्वारा विधायक निवास में श्रद्धांजलि सभा एवं आतंकवाद विरोध दिवस कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान कांग्रेस पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों ने स्व.राजीव गांधी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा देश की एकता, अखंडता और शांति बनाए रखने का संकल्प लिया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक यशोदा निलांबर वर्मा ने कहा कि स्व.राजीव गांधी के नेतृत्व में देश ने आर्थिक, सामाजिक, राजनीतिक, वैज्ञानिक, तकनीकी और विदेश नीति के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को हासिल किया। उन्होंने कहा कि पंचायती राज व्यवस्था को मजबूत कर लोकतंत्र को गांव-गांव तक पहुंचाने में राजीव गांधी की ऐतिहासिक भूमिका रही। उनका बलिदान देश की एकता और अखंडता के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा।
उन्होंने कहा कि आतंकवाद मानवता का सबसे बड़ा दुश्मन है और इसके खिलाफ समाज के हर वर्ग को एकजुट होकर खड़ा होना होगा। राजीव गांधी के बलिदान दिवस पर उनके आदर्शों को याद करते हुए कांग्रेसजनों ने देश की शांति, सद्भाव और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा का संकल्प लिया। शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अरुण भारद्वाज ने कहा कि स्व.राजीव गांधी आधुनिक भारत के निर्माण के अग्रदूत थे। उन्होंने देश को 21वीं सदी की सोच दी और तकनीक, संचार, शिक्षा तथा पंचायती राज व्यवस्था के माध्यम से लोकतंत्र को मजबूत करने का ऐतिहासिक कार्य किया। कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस कमेटी सदस्य नीलांबर वर्मा, नेता प्रतिपक्ष दीपक देवांगन, ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष संदीप सिरमौर, उपाध्यक्ष पूरन सारथी, रविन्द्र सिंह गहरवार, भरत चंद्राकर, महामंत्री यतेन्द्र जीत सिंह ‘छोटू’, नरेन्द्र सेन, गैंदालाल खुले, महेश साहू, कन्हैया रजक, रतन सिंघी, भगत वर्मा, दामन वर्मा, जवाहर सिंह बैंस सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित कांग्रेसजनों ने स्व.राजीव गांधी के आदर्शों पर चलने तथा देश की शांति, सद्भाव और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध रहने का संकल्प दोहराया।

Exit mobile version