यातायात नियमों के उल्लंघन पर हो रही डिजिटल कार्रवाई
अब नियम तोड़ने वालों को यूपीआई , डेबिट-क्रेडिट कार्ड से मिलेगी भुगतान की सुविधा
खैरागढ़। यातायात नियमों के उल्लंघन पर चालानी कार्रवाई को पारदर्शी और सुविधाजनक बनाने के लिए खैरागढ़ यातायात शाखा में पॉस (प्वाइंट ऑफ सेल) मशीन से ऑनलाइन चालान की व्यवस्था शुरू की गई है। 26 अक्टूबर को पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में शुरू हुई इस व्यवस्था से वाहन चालकों को चालान की राशि जमा करने में सुविधा मिलेगी। अब वाहन चालक चालान की राशि का भुगतान मौके पर ही यूपीआई, डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड और नेट बैंकिंग के माध्यम से कर सकेंगे। भुगतान के बाद उन्हें तत्काल प्रिंटेड रसीद भी दी जाएगी। इसके अलावा वाहन चालक अपने चालान की जानकारी ऑनलाइन भी देख सकेंगे। इससे चालानी प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ने के साथ नकद भुगतान की निर्भरता कम होगी।
नियम तोड़ने वालों पर हो रही सीधी कार्रवाई
नई व्यवस्था शुरू होने के साथ ही यातायात पुलिस ने चौक-चौराहों पर विशेष अभियान चलाकर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ पॉस मशीन से ऑनलाइन चालान की कार्रवाई की। अभियान के दौरान बिना हेलमेट वाहन चलाने, बिना सीट बेल्ट के वाहन चलाने, तीन सवारी बैठाने, मालवाहक वाहनों में यात्रियों को ले जाने, प्रेशर हॉर्न का उपयोग करने और शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई की गई। यातायात पुलिस ने नागरिकों से वाहन चलाते समय हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने, दोपहिया वाहनों पर निर्धारित संख्या में सवारी बैठाने तथा नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने की अपील की है। पुलिस ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यातायात नियमों का पालन जरूरी है।
