खैरागढ़ में अतिक्रमण पर चला प्रशासन का बुलडोजर

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। खैरागढ़ में बढ़ते अतिक्रमण और उससे प्रभावित यातायात व्यवस्था को लेकर शनिवार को प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया। राजस्व विभाग नगर पालिका और पुलिस की संयुक्त टीम ने शहर के प्रमुख मार्गों पर व्यापक अभियान चलाकर अवैध कब्जों को हटाया। इस दौरान न्यायालय परिसर, अटल चौक, दुर्गा चौक से टेम्पो चौक तक सड़क किनारे बने चबूतरे, ठेले और अन्य अस्थायी अतिक्रमण हटाए गए।

जानकारी अनुसार मुख्य मार्ग स्थित प्रीमियम शराब दुकान के आसपास बीते कुछ समय से अवैध चखना सेंटर और ठेलों की संख्या लगातार बढ़ रही थी। शाम के समय यहां लोगों और वाहनों की भीड़ लगने से यातायात प्रभावित हो रहा था और दुर्घटना की आशंका बनी रहती थी। प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए इन अवैध ठेलों को हटाने के साथ दुकानों के आगे बने पक्के चबूतरों को भी तोड़ दिया। सड़क किनारे खड़ी फल और अन्य रेहड़ियों को भी हटाया गया।

नगर पालिका प्रशासन ने मुख्य मार्गों पर संचालित गुपचुप ठेलों और अन्य अस्थायी दुकानदारों को स्वयं अतिक्रमण हटाने के लिए रविवार तक का समय दिया है। अतिक्रमण हटाने अभियान को लेकर मुख्य नगर पालिका अधिकारी पुनीत कुमार वर्मा ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय के बाद भी कब्जा पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। पालिका अधिकारियों का कहना है कि संबंधित दुकानदारों को पूर्व में कई बार नोटिस जारी कर और स्वयं अतिक्रमण क्षेत्र में जाकर अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए थे लेकिन पालन नहीं होने के कारण प्रशासन को सख्त कदम उठाना पड़ा।

जिला मुख्यालय से अतिक्रमण हटाने एसडीएम टंकेश्वर प्रसाद साहू ने बताया कि कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल के निर्देश पर यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। अवकाश के दिनों में भी विशेष कार्रवाई की जाएगी और नो-पार्किंग में खड़े वाहनों पर जुर्माना लगाया जाएगा वहीं मुख्य नगर पालिका अधिकारी पुनीत कुमार वर्मा ने कहा कि नए अतिक्रमण तत्काल हटाए जा रहे हैं जबकि पुराने कब्जाधारियों को सात दिन की अंतिम मोहलत दी गई है। निर्धारित समय के बाद दोबारा कब्जा पाए जाने पर दंडात्मक कार्रवाई और भारी जुर्माना लगाया जाएगा। अभियान के दौरान टेम्पो चौक पर अव्यवस्थित ढंग से खड़ी सवारी बसों को हटाने के निर्देश भी दिए गए। प्रशासन का कहना है कि बसों के लिए निर्धारित स्टॉपेज सुनिश्चित कर यातायात को सुगम बनाया जाएगा। दूसरी ओर अभियान को लेकर स्थानीय नागरिकों का कहना है कि शहर में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई पहले भी कई बार हो चुकी है लेकिन कुछ समय बाद फिर स्थिति पहले जैसी हो जाती है। ऐसे में लोगों की नजर अब इस बात पर है कि प्रशासन इस बार कार्रवाई को स्थायी रूप से लागू कर पाता है या नहीं। इस दौरान प्रशासन के संयुक्त अभियान में एसडीएम टंकेश्वर प्रसाद साहू, सीएमओ पुनीत कुमार वर्मा, एसडीओपी आशा रानी, तहसीलदार आशीष देवहारी सहित राजस्व, नगर पालिका, पुलिस और यातायात विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Exit mobile version