खैरागढ़ अंचल में बढ़ी ठंड, मौसम हुआ खुशमिजाज

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़. कार्तिक मास की विदाई और त्यौहारी सीजन के बाद अगहन मास लगते ही अंचल में ठंड ने अपनी उपस्थिति का एहसास कराना शुरू कर दिया है। बीते कुछ दिनो से तापमान में लगातार गिरावट देखने को मिल रही है। वर्तमान में दिन के समय पारा 23 डिग्री के आसपास हो गया है वहीं अलसुबह पारा 10 से 12 डिग्री तक पहुँच जाता है। ऐसे में ठंड के बढ़ने से लोगों ने गर्मी और उमस से राहत की सांस तो ली है लेकिन ठंड बढ़ने से सर्दी-खांसी और वायरल बुखार का भी प्रकोप बढ़ रहा है हालांकि मौसम में भिन्नता के कारण दशहरे तक ठंड का असर नहीं दिख रहा था जबकि क्वांर नवरात्रि से अमूमन ठंड शुरू हो जाती है पर अब मौसम में बदलाव और बादलों के हटते ही ठंड ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। बीते वर्ष की तुलना इस वर्ष दीपावली त्यौहार के बाद से गुलाबी ठंड का एहसास होने लगा। ठंड की आमद के साथ ही अलसुबह सैर सपाटे के लिए लोगों की भीड़ भी घर से निकल रही है। दूसरी ओर ठंड का इंतजार कर रहे किसानो को ठंड बढ़ने से राहत महसूस हो रही है और अंचल में अब खरीफ फसल की कटाई के काम में तेजी दिख रही है। अर्ली व्हेरायटी के धान पूरी तरह कटने के कगार पर हैं वहीं ओस पड़ने से खेतों में नमी का इंतजार कर रहे किसानों को अब रबी की बेहतर फसल को लेकर बेहतर उम्मीद जगी है।

बढ़ते तापमान के चलते देर से होने लगा ठंड का एहसास

प्रति वर्ष ग्लोबल वार्मिंग के कारण अब जमीन का तापमान भी लगातार बढ़ता जा रहा है, ऐसे में गर्मी की अधिकता ने ठंड को बेअसर कर दिया है। यही कारण है कि इस वर्ष ठंड का असर दीपावली त्यौहार के बाद देखने को मिल रहा है। अमूमन नवरात्र पर्व के आसपास गुलाबी ठंड दस्तक दे देती है, सुबह और रात के समय ठंड का खासा असर देखने को मिलता था परंतु इस वर्ष दीपावली त्यौहार के बाद ठंड का एहसास हो रहा है। अलसुबह और देर रात ठंड का एहसास होता है परंतु दिन में गर्मी के कारण लोग पंखे-कूलर का सहारा ले रहे थे।

कड़ाके की ठंड के लिये करना होगा इंतजार

बता दे कि अंचल में कड़ाकेे की ठंड के लिये लोगों को अभी पखवाड़े भर और इंतजार करना पड़ेगा। पूस के महीने में कड़ाके की ठंड होती है जो लगभग माहभर बाद लगने वाला है। दिसंबर माह का पखवाड़ा भर बीत जाने के बाद ही कड़ाके की ठंड का एहसास हो पायेगा। फिलहाल लोग गुलाबी ठंड का मजा ले रहे हैं और सुबह-शाम सैर-सपाटा तेज कर दिये हैं। फिलहाल तापमान 27 से 30 डिग्री के आसपास है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार दिसंबर से जनवरी के बीच अच्छी ठंड पड़ने वाली है, 10 दिसंबर से 10 जनवरी के बीच कड़ाके की ठंड पड़ने का अनुमान लगाया जा रहा है वहीं इस बार ठंड का असर फरवरी तक ही रह सकता है।

Exit mobile version