खेल जागरूकता रैली से गूंजा विश्वविद्यालय परिसर, राष्ट्रीय खेल दिवस पर तीन दिवसीय खेल महोत्सव शुरू

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर राजकुमारी इन्दिरा सिंह कला संगीत विश्वविद्यालय खैरागढ़ में खेल और फिटनेस को बढ़ावा देने के उद्देश्य से तीन दिवसीय खेल महोत्सव की शुरुआत हुई। परिसर क्रमांक-1 में 28 से 30 अगस्त तक आयोजित इस आयोजन में विद्यार्थियों के लिए विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। ‘फिट इंडिया अभियान’ के तहत आयोजित खेल महोत्सव की शुरुआत 28 अगस्त को विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. (डॉ.) लवली शर्मा ने की। यह आयोजन भारतीय हॉकी के महान खिलाड़ी और हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद को समर्पित है। खेल महोत्सव के दौरान दौड़ वॉलीबॉल बास्केटबॉल स्पून रेस बैडमिंटन और कबड्डी सहित कई प्रतियोगिताएं होंगी।

उद्घाटन अवसर पर कुलपति प्रो. (डॉ.) लवली शर्मा के नेतृत्व में विश्वविद्यालय परिसर में खेल जागरूकता रैली निकाली गई। रैली के माध्यम से विद्यार्थियों को नियमित खेलकूद शारीरिक सक्रियता और स्वस्थ जीवनशैली के महत्व से अवगत कराया गया। रैली के बाद शिक्षकों शोधार्थियों और विद्यार्थियों ने खेल को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की सामूहिक शपथ ली।

खेल महोत्सव के पहले दिन 100 मीटर दौड़ प्रतियोगिता आकर्षण का केंद्र रही। महिला और पुरुष वर्ग में आयोजित दौड़ में विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह और खेल भावना के साथ हिस्सा लिया। प्रतियोगिता के दौरान प्रतिभागियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। दोनों वर्गों में प्रथम द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों की घोषणा की गई। आयोजन की जिम्मेदारी विश्वविद्यालय के खेल प्रभारी डॉ. रबि नारायण गुप्ता की देखरेख में निभाई जा रही है। कार्यक्रम में डॉ. नमन दत्त, विभागाध्यक्ष गायन विभाग, डॉ. लीकेश्वर वर्मा, सहायक प्राध्यापक गायन, अतिथि व्याख्याता डॉ. उमेश नेताम सहित शोधार्थी निहारिका, मधुष्मिता और जयपाल मौजूद रहे। विश्वविद्यालय के विभिन्न संकायों के विद्यार्थी भी बड़ी संख्या में शामिल हुए। तीन दिवसीय खेल महोत्सव का उद्देश्य विद्यार्थियों में खेलों के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ शारीरिक स्वास्थ्य अनुशासन टीम भावना और नियमित व्यायाम के प्रति जागरूकता विकसित करना है। विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित यह आयोजन विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ खेल और फिटनेस को जीवनशैली का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित कर रहा है।

Exit mobile version