खेत में जोताई के दौरान करंट लगने से किसान की दर्दनाक मौत, खैरागढ़ के बैगाटोला में सनसनी के बाद मातम

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जिला मुख्यालय से लगे बैगाटोला गांव में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे में खेत में काम कर रहे किसान की करंट लगने से मौत हो गई। घटना में बैगाटोला निवासी महेश वर्मा (43 वर्ष) की जान चली गई। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है जबकि पूरे गांव में घटना के बाद पहले सनसनी फिर शोक की लहर फैल गई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी अनुसार महेश वर्मा मंगलवार को अपने खेत में ट्रैक्टर से जोताई का कार्य कर रहा था इसी दौरान खेत में स्थित बोरवेल के लिए बिछाई गई विद्युत लाइन के संपर्क में आने से उसे करंट लग गया। करंट लगते ही वह गंभीर रूप से झुलसकर खेत में ही गिर पड़ा। घटना के बाद आसपास मौजूद ग्रामीण तत्काल उनकी सहायता के लिए दौड़े और गंभीर अवस्था में उन्हें उपचार के लिये निजी वाहन से खैरागढ़ सिविल जिला अस्पताल पहुंचाया गया लेकिन तब तक देर हो चुकी थी और चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद महेश को मृत घोषित कर दिया। दूसरी ओर किसान की मौत की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में अस्पताल पहुंच गए। अचानक हुई इस दुर्घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और गांव में शोक का माहौल है। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू की गई है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण बोरवेल की बिजली लाइन के संपर्क में आना ही बताया जा रहा है। बहरहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Exit mobile version