केसीसी लोन दिलाने के नाम पर 16 लाख 40 हजार की ठगी, फर्जी बैंक कर्मचारी गिरफ्तार

सत्यमेव न्यूज छुईखदान। किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) लोन स्वीकृत कराने का झांसा देकर 16.40 लाख रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को छुईखदान पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार ग्राम गर्रा निवासी दिनाराम जंघेल (55) ने थाना छुईखदान में शिकायत दर्ज कराई थी कि राजनांदगांव के दुर्गा चौक निवासी अर्पित देवांगन (28) ने स्वयं को बैंक कर्मचारी बताकर केसीसी लोन स्वीकृत कराने और लोन प्रक्रिया के नाम पर उससे अलग-अलग किश्तों में कुल 16 लाख 40 हजार रुपये ले लिए। बाद में न तो लोन स्वीकृत हुआ और न ही रकम वापस मिली जिससे ठगी का पता चला। शिकायत पर थाना छुईखदान में 14 जुलाई 2026 को अपराध दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4) एवं 319(2) के तहत अपराध कायम किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए छुईखदान पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी का पता लगाया। पूछताछ के बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया जहां से न्यायिक रिमांड पर खैरागढ़ के उपजेल सलोनी भेज दिया गया है। पुलिस ने बताया कि कार्रवाई में थाना छुईखदान पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

Exit mobile version