कुकुरमुड़ा में आयोजित सुशासन तिहार शिविर का 16 पंचायतों के लोगों ने उठाया लाभ

सत्यमेव न्यूज बाजार अतरिया। शासन की योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने और उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से आयोजित सुशासन तिहार-2026 के अंतर्गत ग्राम कुकुरमुड़ा में जिला स्तरीय समाधान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में आसपास की 16 ग्राम पंचायतों से बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए और विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ प्राप्त किए। शिविर के दौरान कुल 1293 आवेदन प्राप्त हुए जिनमें अधिकांश आवेदन विभिन्न मांगों से संबंधित रहे वहीं कुछ शिकायतों से जुड़े रहे।अधिकारियों ने बताया कि प्राप्त आवेदनों के निराकरण की प्रक्रिया तत्काल प्रारंभ कर दी गई है। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने विभागीय स्टॉलों का अवलोकन कर हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं की जानकारी वितरित की। प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को नए आवास की चाबियां सौंपी गई वहीं राजस्व विभाग द्वारा ग्रामीणों को आबादी पट्टों का वितरण किया गया। कृषि एवं उद्यानिकी विभाग ने किसानों और महिला हितग्राहियों को बीज तथा सब्जी किट प्रदान की। मत्स्य पालन विभाग ने आजीविका संवर्धन के लिए मछली पकड़ने का जाल वितरित किया वहीं समाज कल्याण विभाग ने वरिष्ठ नागरिकों को सहायक उपकरण उपलब्ध कराए। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा गर्भवती महिलाओं की गोदभराई की रस्म संपन्न कर उन्हें पोषण सामग्री प्रदान की गई। साथ ही स्वच्छता किट का वितरण भी किया गया। शिविर में नशामुक्ति और बाल विवाह उन्मूलन के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए सामूहिक शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगाए गए विशेष चिकित्सा शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने स्वास्थ्य परीक्षण कराया। ओपीडी सेवाओं के साथ रक्तचाप, मधुमेह एवं नेत्र जांच की सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं, जरूरतमंदों को निःशुल्क चश्मे वितरित किए गए। इसके अलावा आयुष्मान कार्ड निर्माण, आभा आईडी पंजीयन तथा सिकल सेल जांच जैसी सेवाएं भी प्रदान की गईं। कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने कहा कि सुशासन तिहार ग्रामीणों और प्रशासन के बीच संवाद का प्रभावी माध्यम बन रहा है। इससे लोगों की समस्याओं का समाधान तेजी से हो रहा है तथा शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंच रहा है।

Exit mobile version