
त्रुटिरहित कार्य पर संपादन के लिए दिया निर्देश
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जिले में चल रहे जनगणना प्रशिक्षण कार्यक्रम का कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने केंद्रीय विद्यालय खैरागढ़ में निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रशिक्षण स्थल की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए प्रशिक्षकों और मास्टर ट्रेनर्स से चर्चा की तथा प्रशिक्षण की गुणवत्ता और तैयारियों की समीक्षा की। कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि जनगणना केवल आंकड़ों का संग्रह नहीं बल्कि शासन की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन का आधार होती है। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को पूरी जिम्मेदारी सावधानी और सजगता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्रशिक्षण ले रहे प्रतिभागियों से संवाद कर जनगणना प्रक्रिया प्रपत्रों को सही तरीके से भरने घर-घर जाकर जानकारी एकत्र करने और डिजिटल एंट्री से जुड़ी जानकारी की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रशिक्षण के दौरान सभी तकनीकी पहलुओं को सरल और स्पष्ट ढंग से समझाया जाए ताकि फील्ड में किसी प्रकार की त्रुटि न हो। बैठक में बताया गया कि जनगणना प्रशिक्षण 15 अप्रैल से 24 अप्रैल 2026 तक चरणबद्ध तरीके से आयोजित किया जा रहा है। पहले बैच का प्रशिक्षण 15 से 17 अप्रैल दूसरे बैच का 19 से 21 अप्रैल और तीसरे बैच का प्रशिक्षण 22 से 24 अप्रैल तक चलेगा। जनगणना कार्य के तहत 16 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक स्वगणना का कार्य किया जाएगा जबकि 1 मई से 30 मई 2026 तक मकान सूचीकरण और मकान गणना का कार्य संपन्न होगा। कलेक्टर ने आम नागरिकों से अपील की कि वे जनगणना में सहयोग करें और सही जानकारी उपलब्ध कराएं ताकि शासन को योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन में मदद मिल सके।