
‘देवी जल’ प्लांट में उत्पादन लागत और विपणन की प्रक्रिया को समझा
सत्यमेव न्यूज बाजार अतरिया। नवीन शासकीय महाविद्यालय बाजार अतरिया के वाणिज्य विभाग द्वारा विद्यार्थियों के शैक्षणिक विकास को ध्यान में रखते हुए औद्योगिक भ्रमण का आयोजन किया गया। प्राचार्य डॉ. जयती विश्वास के मार्गदर्शन में आयोजित इस भ्रमण का उद्देश्य छात्रों को उद्योगों की वास्तविक कार्यप्रणाली से परिचित कराना रहा। इस दौरान छात्र छात्राओं को उदयपुर कोटरा रोड छुईखदान स्थित देवी जल एक्वा चिल्ड वाटर प्लांट का भ्रमण कराया गया जहां उन्हें आरओ और यूवी तकनीक से जल शुद्धिकरण की पूरी प्रक्रिया की जानकारी दी गई। प्लांट संचालक जागेश्वर जंघेल ने कच्चे पानी से लेकर शुद्ध पेयजल तैयार करने तक के सभी चरणों को सरल तरीके से समझाया। उन्होंने बताया कि शुद्धिकरण के बाद पानी को सुरक्षित टैंकों में संग्रहित कर स्वच्छता मानकों के तहत केन में पैक किया जाता है। भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने टीडीएस के माध्यम से पानी की गुणवत्ता जांचने की प्रक्रिया को भी समझा। साथ ही उत्पादन लागत लाभ हानि विपणन और ग्राहक सेवा से जुड़े व्यावसायिक पहलुओं की भी जानकारी प्राप्त की। यह प्लांट बाजार अतरिया परपोड़ी और उदयपुर सहित आसपास के क्षेत्रों में पेयजल की आपूर्ति करता है। औद्योगिक भ्रमण को लेकर विद्यार्थियों में उत्साह देखा गया। उन्होंने इसे ज्ञानवर्धक और उपयोगी अनुभव बताया। इस अवसर पर वाणिज्य विभाग की प्राध्यापिका डॉ. सोनी कुमारी लोधी, झामन वर्मा सहित विभाग के विद्यार्थी उपस्थित रहे। विद्यार्थियों ने इस पहल के लिए महाविद्यालय प्रबंधन के प्रति आभार जताया।