
पॉलिटेक्निक कॉलेज में 35 प्रतिभागियों ने लिया प्रशिक्षण
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जिले में उद्यमिता को बढ़ावा देने और एमएसएमई क्षेत्र में नए उद्यम स्थापित करने के उद्देश्य से रैंप (RAMP) योजना के अंतर्गत आयोजित उद्यमिता विकास कार्यक्रम (EDP) बैच-1 का समापन गुरुवार को पॉलिटेक्निक कॉलेज खैरागढ़ में हुआ। 23 फरवरी से 12 मार्च तक चले इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में युवाओं, महिला उद्यमियों, स्व-सहायता समूह के सदस्यों तथा स्टार्टअप शुरू करने के इच्छुक प्रतिभागियों को व्यवसाय स्थापना, प्रबंधन और विभिन्न शासकीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को उद्यमिता की मूल अवधारणा, स्थानीय संसाधनों के आधार पर व्यवसायिक अवसरों की पहचान तथा छत्तीसगढ़ में कृषि एवं खाद्य प्रसंस्करण, पर्यटन, वनोपज, हथकरघा-हस्तशिल्प, धातु निर्माण और सेवा क्षेत्र से जुड़े एमएसएमई अवसरों के बारे में विशेषज्ञों द्वारा मार्गदर्शन दिया गया साथ ही व्यवहारिक उदाहरणों के माध्यम से प्रतिभागियों के प्रश्नों का समाधान भी किया गया। कार्यक्रम में पॉलिटेक्निक कॉलेज के कुल 35 प्रतिभागियों ने भाग लिया। प्रशिक्षण के दौरान सामूहिक चर्चा और फीडबैक सत्र भी आयोजित किया गया वहीं 10 प्रतिभागियों का उद्यम पोर्टल में पंजीयन कराया गया। समापन अवसर पर मास्टर ट्रेनर पारुल पाण्डेय, डिविजनल समन्वयक प्रमेश्वर विजयवार और तुषार साहू उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में चॉइस कंसल्टेंसी सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड द्वारा सभी प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।