एक वर्षीय पीजी पाठ्यक्रम में प्रवेश का रास्ता साफ, विद्यार्थियों में उत्साह

सत्यमेव न्यूज राजनांदगांव। नई शिक्षा नीति के तहत स्नातक स्तर पर ऑनर्स डिग्री पूरी करने वाले विद्यार्थियों के लिए दिग्विजय कॉलेज में एक वर्षीय स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम में प्रवेश का मार्ग प्रशस्त हो गया है। कॉलेज की ओर से प्रवेश प्रक्रिया शुरू किए जाने की जानकारी सामने आने के बाद विद्यार्थियों में खुशी का माहौल है। प्रवेश की अंतिम तिथि 27 अगस्त निर्धारित की गई है। पिछले करीब दो माह से एक वर्षीय स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम में प्रवेश को लेकर विद्यार्थियों के बीच असमंजस की स्थिति बनी हुई थी। इस मुद्दे को गंभीरता से लेते हुए दिग्विजय कॉलेज अध्यक्ष बालकृष्ण कोमरे के नेतृत्व में छात्र युवा मंच के पदाधिकारियों ने विद्यार्थियों के हित में लगातार प्रयास किए। छात्र युवा मंच के जिला अध्यक्ष साहिल जंघेल, जिला उपाध्यक्ष उदय ठाकुर, जिला महामंत्री गितेश देवांगन और जिला सहमंत्री गोपेंद्र देवांगन ने संबंधित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों तक विद्यार्थियों की समस्या पहुंचाई। संगठन की ओर से प्रदेश मुख्यमंत्री उच्च शिक्षा मंत्री विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, विश्वविद्यालय के कुलपति एवं सचिव को पत्र सौंपने के साथ ही उनसे मुलाकात कर विद्यार्थियों के सामने उत्पन्न स्थिति और भविष्य की संभावित परेशानियों से अवगत कराया गया। लगातार प्रयासों के बाद एक वर्षीय स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम में प्रवेश की अनुमति मिलने से विद्यार्थियों को बड़ी राहत मिली है। छात्र युवा मंच के पदाधिकारियों ने इसे वर्तमान विद्यार्थियों के साथ-साथ आगामी बैच के लिए भी महत्वपूर्ण निर्णय बताया है। दिग्विजय कॉलेज अध्यक्ष बालकृष्ण कोमरे ने कहा कि विद्यार्थियों के हित में लिए गए इस निर्णय के लिए महाविद्यालय की प्राचार्य गुप्ता शिक्षकों विद्यार्थियों और संबंधित उच्च अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त करते हैं। उन्होंने कहा कि इस फैसले से वर्तमान विद्यार्थियों का एक शैक्षणिक वर्ष सुरक्षित हुआ है और आने वाले बैच के विद्यार्थियों के सामने प्रवेश को लेकर बनी भविष्य की चिंता भी दूर हुई है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के शैक्षणिक भविष्य से जुड़े मुद्दों को लेकर छात्र युवा मंच आगे भी सक्रियता के साथ अपनी भूमिका निभाता रहेगा।

Exit mobile version