उदयपुर की जर्जर सड़क पर युवा कांग्रेस का आंदोलन का ऐलान

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। उदयपुर ग्राम के अटल चौक के समीप स्थित जर्जर सड़क को लेकर युवा कांग्रेस ने प्रशासन को एक सप्ताह का अल्टीमेटम दिया है। संगठन का कहना है कि निर्धारित समय के भीतर सड़क की मरम्मत शुरू नहीं होने पर कार्यकर्ता सड़क पर प्रतीकात्मक धान रोपाई कर विरोध प्रदर्शन करेंगे। युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष गुलशन तिवारी ने बताया कि उदयपुर से मुख्य मार्ग तक लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) द्वारा निर्मित सड़क लंबे समय से बदहाल है। सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे और जलभराव के कारण आवागमन जोखिमभरा हो गया है। यह मार्ग लाकर बाजार अतरिया खैरागढ़ रायपुर तथा साल्हेकला-परपोड़ी-बेमेतरा क्षेत्र को जोड़ने वाला प्रमुख संपर्क मार्ग है। इसी मार्ग से शासकीय अस्पताल मिडिल एवं हायर सेकेंडरी स्कूल सेवा सहकारी समिति ग्राम पंचायत भवन खाद्यान्न गोदाम और ग्राम पंचायत के व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स तक लोगों का आवागमन होता है। सड़क की खराब स्थिति से ग्रामीणों विद्यार्थियों मरीजों और व्यापारियों को प्रतिदिन कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। गुलशन तिवारी ने कहा कि सड़क की मरम्मत को लेकर कई बार मांग उठाई जा चुकी है लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि यदि आगामी एक सप्ताह के भीतर निर्माण या मरम्मत कार्य शुरू नहीं किया गया तो युवा कांग्रेस कार्यकर्ता सड़क पर धान रोपकर प्रतीकात्मक आंदोलन करेंगे। उन्होंने प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई कर आमजन को राहत देने की मांग की है।

Exit mobile version