खैरागढ़। ईद के पावन अवसर पर शहर में आपसी प्रेम, सौहार्द और भाईचारे की अनूठी मिसाल देखने को मिली। शहर कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता ईदगाह पहुंचे जहां उन्होंने मुस्लिम समाज के लोगों से मुलाकात कर उन्हें ईद की मुबारकबाद दी। इस दौरान नेताओं ने एक-दूसरे से गले मिलकर शहर एवं प्रदेश में सुख-समृद्धि, अमन-चैन और सामाजिक समरसता की कामना की। कांग्रेस नेताओं ने अपने संदेश में कहा कि ईद का पर्व प्रेम, सद्भाव और एकता का प्रतीक है जो समाज को जोड़ने और आपसी रिश्तों को मजबूत बनाने का कार्य करता है। उन्होंने सभी नागरिकों से मिलजुलकर रहने और समाज में सौहार्द बनाए रखने की अपील की। शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष डॉ.अरुण भारद्वाज ने कहा कि ईद का त्योहार हमें आपसी प्रेम, भाईचारे और एकता का संदेश देता है। समाज में सामंजस्य बनाए रखते हुए सभी को मिलकर शहर और प्रदेश की खुशहाली के लिए कार्य करना चाहिए। पूर्व सांसद प्रतिनिधि एवं विधायक प्रतिनिधि कपिनाथ महोबिया ने कहा कि ऐसे पावन अवसर लोगों को एक-दूसरे के करीब लाते हैं और सामाजिक समरसता को और अधिक सुदृढ़ करते हैं। उन्होंने सभी से मतभेद भुलाकर शांति, सद्भाव और भाईचारे के साथ रहने का आह्वान किया। इस अवसर पर सूर्यकांत यादव, रविंद्र गहरवार, जफर उल्लाह खान, नासीर मेमन, नदीम मेमन, राजा सोलंकी सहित बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के लोग उपस्थित रहे। आयोजन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए खैरागढ़ थाना प्रभारी अनिल शर्मा के नेतृत्व में पुलिस बल तैनात रहा जिससे पूरा कार्यक्रम शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।
