इतवारी बाजार के खराब हैंडपंप की मरम्मत की मांग, आप ने सीएमओ को सौंपा ज्ञापन

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। आम आदमी पार्टी (आप) ने वार्ड क्रमांक 9 स्थित इतवारी बाजार में लंबे समय से खराब पड़े सार्वजनिक हैंडपंप की मरम्मत की मांग को लेकर नगर पालिका परिषद खैरागढ़ के मुख्य नगर पालिका अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। पार्टी नेताओं ने कहा कि हैंडपंप खराब होने से वार्डवासियों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है। जिला अध्यक्ष मनोज कुमार गुप्ता के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में बताया गया कि क्षेत्र का यह सार्वजनिक हैंडपंप लंबे समय से बंद पड़ा है जबकि आसपास के अनेक परिवार इसी पर पेयजल के लिए निर्भर हैं। हैंडपंप खराब होने के कारण महिलाओं बुजुर्गों और बच्चों को पानी के लिए दूरस्थ स्रोतों का सहारा लेना पड़ रहा है जिससे उन्हें रोजाना परेशानी उठानी पड़ रही है। पार्टी पदाधिकारियों ने कहा कि स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना स्थानीय प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। पेयजल जैसी बुनियादी सुविधा बाधित होने से आम लोगों के स्वास्थ्य और दैनिक जीवन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। उन्होंने नगर पालिका से समस्या का तत्काल संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है। ज्ञापन में हैंडपंप का शीघ्र निरीक्षण कर उसकी मरम्मत कराने तथा इस संबंध में की जा रही कार्रवाई की जानकारी स्थानीय नागरिकों को उपलब्ध कराने की मांग की गई है। पार्टी ने उम्मीद जताई है कि नगर पालिका प्रशासन मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द समाधान सुनिश्चित करेगा। इस दौरान श्याम मूर्ति नायडू, संतोष यादव, संदीप जंघेल, नीलेश सोनी सहित पार्टी कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Exit mobile version