
सत्यमेव न्यूज़ रायपुर। प्रदेश की राजधानी में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रही मुहिम के तहत एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए आरटीओ कार्यालय में पदस्थ एक कर्मचारी को रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया।आरोपी की पहचान शोभा राम देवांगन के रूप में हुई है जो डाटा एंट्री ऑपरेटर के पद पर कार्यरत था। जानकारी के अनुसार वाहन के नामांतरण ओनर चेंज के एवज में आरोपी ने शिकायतकर्ता से 15 हजार रुपये की मांग की थी। शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने मामले की पुष्टि कर जाल बिछाया। तय योजना के तहत शिकायतकर्ता 14 हजार रुपये लेकर कार्यालय पहुंचा जहां रकम लेते ही टीम ने आरोपी को पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान आरटीओ परिसर में अचानक हड़कंप मच गया और कुछ देर के लिए कामकाज प्रभावित रहा। एसीबी टीम आरोपी को अपने साथ मुख्यालय ले गई जहां उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि मामले में अन्य किसी की संलिप्तता सामने आने पर उसके खिलाफ भी सख्त कदम उठाए जाएंगे। साथ ही आम लोगों से अपील की गई है कि रिश्वत मांगने की किसी भी घटना की तुरंत शिकायत करें।