खैरागढ़। जिले में अवैध शराब की बिक्री एवं तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए एसपी के निर्देशन तथा एएसपी एवं एसडीओपी खैरागढ़ के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना खैरागढ़ पुलिस ने अवैध शराब के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 31 पौवा देशी शराब जिसकी कुल मात्रा 5.580 बल्क लीटर एवं कीमत 2480 रुपये है जब्त की गई है। जानकारी अनुसार 6 नवंबर 2026 को थाना खैरागढ़ पुलिस की टीम अपराध पतासाजी के लिए नगर भ्रमण पर थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि धरमपुरा शराब भट्ठी तिराहा के पास एक व्यक्ति सफेद बोरी में अवैध शराब रखकर पैदल परिवहन कर रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ लिया।पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम विजय यादव (28 वर्ष) पिता महेश यादव निवासी वार्ड क्र. 11 धरमपुरा, खैरागढ़ बताया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे में रखी सफेद बोरी से 31 नग रोमियो देशी प्लेन मदिरा पौवा जब्त की गई। आरोपी के विरुद्ध थाना खैरागढ़ में धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर गिरफ्तार किया गया। प्रकरण अजमानतीय होने के कारण गिरफ्तारी की सूचना परिजनों को दी गई तथा आरोपी को न्यायालय खैरागढ़ में पेश किया गया जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
