चक्रवात ‘अकवान’ के असर से बदला मौसम, कटी और खड़ी फसल पर नुकसान का खतरा

खरीदी केंद्रों में धान बचाने प्रशासन ने जारी किए निर्देश, फसल क्षति के सर्वे के भी आदेश
खैरागढ़। बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवात ‘अकवान’ के प्रभाव से 20 और 21 नवंबर को खैरागढ़ सहित प्रदेश के कई इलाकों में मौसम का मिजाज बदल गया। जिले में रुक-रुककर हुई बारिश और ठंडी हवाओं ने जहां तापमान में गिरावट ला दी वहीं किसानों की चिंता बढ़ा दी है। इन दिनों खेतों में धान की कटाई और मिंजाई का काम तेजी से चल रहा है। ऐसे में बेमौसम बारिश से खेतों में खड़ी पककर तैयार फसल के साथ कटाई के बाद खलिहानों और खुले स्थानों पर रखी उपज के भी प्रभावित होने की आशंका है।
फसलों के खराब होने का खतरा बढ़ा, किसान चिंतित
बारिश के कारण खेतों में नमी बढ़ने, पानी भरने और तेज हवाओं से तैयार फसल के गिरने का खतरा है। वहीं कटी हुई धान की फसल भीगने से दानों की गुणवत्ता और भंडारण क्षमता प्रभावित हो सकती है। मिंजाई का काम रुकने और उपज को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने में देरी से किसानों की परेशानी और बढ़ गई है वहीं सब्जी उत्पादकों को भी जलभराव और फसलों में रोग लगने की आशंका सता रही है।
खरीदी केंद्रों में धान बचाने प्रशासन अलर्ट
खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत जिले में धान खरीदी जारी है। ऐसे में बारिश की चेतावनी के बीच उपार्जन केंद्रों में भंडारित धान की सुरक्षा प्रशासन के लिए भी चुनौती बन गई है। कलेक्टर कार्यालय की खाद्य शाखा से जारी निर्देशों के अनुसार अपर कलेक्टर ने सभी धान खरीदी केंद्रों के प्रभारियों और समिति प्रबंधकों को धान के बोरों को तिरपाल, पन्नी और कैप कवर से पूरी तरह ढकने तथा रस्सियों से मजबूती से बांधने के निर्देश दिए हैं। धान को जमीन की नमी से बचाने के लिए ऊंचे आधार पर रखने और केंद्रों में जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त करने को कहा गया है।*समितियों के प्रबंधकों को सतत निगरानी का निर्देश*प्रशासन ने 22 नवंबर तक केंद्र प्रभारियों और समिति कर्मचारियों को मुख्यालय अथवा उपार्जन केंद्र में उपस्थित रहकर भंडारित धान की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए हैं। बारिश से लापरवाही के कारण धान भीगने या नुकसान होने पर संबंधित समिति प्रबंधक और केंद्र प्रभारी की जिम्मेदारी तय करने की चेतावनी भी दी गई है।
72 घंटे में बीमा कंपनी को सूचना देने का निर्देश
बारिश से फसल को नुकसान होने की स्थिति में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत बीमित किसानों के लिए समय पर सूचना देना महत्वपूर्ण है। प्रभावित किसानों को घटना के 72 घंटे के भीतर संबंधित बीमा कंपनी को नुकसान की जानकारी देने की सलाह दी गई है। इसके लिए टोल फ्री नंबर 14447 अथवा 1800-419-0344 पर संपर्क किया जा सकता है। किसान नुकसान की सूचना संबंधित कृषि और राजस्व अधिकारियों को भी दें, ताकि क्षति का आकलन किया जा सके और बीमा संबंधी प्रक्रिया समय पर पूरी हो।
इधर मुख्यमंत्री ने दिए फसल क्षति सर्वे के निर्देश
प्रदेश में बेमौसम बारिश से किसानों को हो रही परेशानी को देखते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जिला कलेक्टरों को प्रभावित क्षेत्रों में फसल क्षति का सर्वे कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही पात्र प्रभावित किसानों को नियमानुसार आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की बात कही है। हालांकि खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले में बारिश से फसलों को हुए नुकसान का आधिकारिक आंकड़ा फिलहाल सामने नहीं आया है। वास्तविक स्थिति सर्वे और मैदानी आकलन के बाद ही स्पष्ट हो पायेगा। बहरहाल मौसम की अचानक बदली परिस्थितियों ने किसानों की मेहनत और उनकी उपज की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। किसानों को कटी फसल और खुले में रखे धान को तत्काल सुरक्षित ढकने, खेतों में जल निकासी की व्यवस्था करने तथा मौसम संबंधी चेतावनियों पर ध्यान देने की जरूरत है। वहीं प्रशासन के सामने खरीदी केंद्रों में धान की सुरक्षित व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ प्रभावित किसानों तक सर्वे, मुआवजे और बीमा का लाभ समय पर पहुंचाने की जिम्मेदारी है।