
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। विकासखंड खैरागढ़ के ग्राम पंचायत अवेली में अटल डिजिटल सुविधा केंद्र भवन के निर्माण कार्य का भूमिपूजन समारोह शुक्रवार को विधिवत संपन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह रहे वहीं कार्यक्रम की अध्यक्षता जनपद पंचायत अध्यक्ष डॉ. राजेश्री त्रिपाठी ने की। इस अवसर पर जिला भाजपा अध्यक्ष डॉ. बिशेसर साहू, जिला पंचायत सदस्य दिनेश वर्मा सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर ग्रामीणों ने मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों का पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया। इसके पश्चात वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भूमि पूजन कर अटल डिजिटल सुविधा केंद्र भवन के निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया। मुख्य अतिथि विक्रांत सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि अटल डिजिटल सुविधा केंद्र ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल सेवाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की ‘विकसित भारत-2047’ की परिकल्पना को साकार करने के लिए गांवों तक आधुनिक तकनीक आधारित सुविधाएं पहुंचाई जा रही हैं। इस केंद्र के प्रारंभ होने से ग्रामीणों को विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी, ऑनलाइन सेवाएं तथा बैंकिंग सुविधाएं अपने ही गांव में सहज रूप से उपलब्ध हो सकेंगी। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही हैं। इसी क्रम में ‘विकसित भारत जी राम जी योजना’ के माध्यम से जल संरक्षण सहित विभिन्न आधारभूत संरचनाओं का विकास किया जाएगा। साथ ही योजना के अंतर्गत श्रमिकों को 125 दिनों का रोजगार उपलब्ध कराने का प्रावधान है जिससे ग्रामीणों की आर्थिक स्थिति को मजबूती मिलेगी। विक्रांत सिंह ने अपने संबोधन में पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि पिछली सरकार के कार्यकाल में गरीब परिवारों के आवास निर्माण के कार्य लंबित रहे। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार बनने के बाद राज्य में 18 लाख लंबित प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजनाओं को स्वीकृति प्रदान की गई, जिसके परिणामस्वरूप पात्र हितग्राहियों के पक्के मकानों का निर्माण तेजी से हो रहा है।कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रही जनपद पंचायत अध्यक्ष डॉ. राजेश्री त्रिपाठी ने कहा कि ग्राम पंचायतों के सर्वांगीण विकास के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि ऐसे विकास कार्यों से गांवों की तस्वीर बदलेगी और ग्रामीणों को शहरों जैसी आधुनिक सुविधाओं का लाभ मिलेगा। इस अवसर पर जनपद सदस्य खेमराज जैन, डॉ. चंदू वर्मा, डॉ. शैलेन्द्र त्रिपाठी, दिलेश्वर यदु, दुर्गा बाई सेन, खोमलाल साहू, धनीराम साहू, डोरेलाल साहू, नरेंद्र सेन, राजेश्वरी साहू, आदर्श बहादुर सिंह, सौरभ साहू, रविन्द्र वर्मा, टोमेश साहू, चिंताराम वर्मा, कमलेश साहू, दानिराम पटेल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।