अंतरराज्यीय चेक पोस्ट पर देर रात प्रतिबंधित एनालॉग पनीर की 15 क्विंटल खेप जब्त, दूसरे दिन पुष्टि के बाद प्रशासन ने कराई नष्ट

खैरागढ़। छत्तीसगढ़ के बाजारों में प्रतिबंधित एनालॉग पनीर की आपूर्ति का गंभीर मामला सामने आया है। खैरागढ़ जिले के साल्हेवारा पुलिस चेकपोस्ट पर पुलिस ने भोपाल से रायपुर ले जाई जा रही करीब 15 क्विंटल एनालॉग पनीर की खेप पकड़ी है। खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग की जांच में पनीर के पैकेटों पर बैच नंबर, निर्माण तिथि और अवसान तिथि अंकित नहीं मिली। खाद्य सुरक्षा मानकों से जुड़ी इन गंभीर अनियमितताओं के चलते विभाग ने पूरी खेप जब्त कर ली। शुक्रवार को पुलिस और खाद्य विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी में जब्त पनीर को नष्ट करा दिया गया वहीं दूसरी ओर पनीर का विधिक नमूना जांच के लिए उच्च कार्यालय भेजा गया है। अब प्रशासनिक खेमे से रिपोर्ट आने के बाद रायपुर की क्रेता फर्म श्रीबालाजी इंटरप्राइजेज और भोपाल की विक्रेता फर्म द माखन डेयरी के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई किये जाने की बात सामने आयी है।

जानकारी अनुसार गुरुवार को साल्हेवारा चेकपोस्ट पर जांच के दौरान डीआई वाहन क्रमांक एमपी 04 डब्ल्यूसी 8386 को रोककर औचक तलाशी ली गई। वाहन में पनीर के 30 बॉक्स लोड थे। प्रत्येक बॉक्स में 50-50 किलोग्राम पनीर पैक था। इस तरह कुल 1500 किलोग्राम यानी 15 क्विंटल पनीर मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर ले जाया जा रहा था। वाहन में मौजूद दस्तावेजों के अनुसार यह खेप रायपुर के भाठागांव स्थित श्रीबालाजी इंटरप्राइजेज को पहुंचाई जानी थी।पुलिस ने मामले की जानकारी खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग को दी जिसके बाद खाद्य विभाग की टीम ने खेप की जांच की। जांच के दौरान पैकेटों पर बैच नंबर, निर्माण तिथि और एक्सपायरी डेट दर्ज नहीं होने की बात सामने आई। इसके बाद विभाग ने पूरी खेप अपने कब्जे में लेकर पनीर का विधिक नमूना संकलित किया। शेष पनीर को शुक्रवार को प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में नष्ट कर दिया गया है।

खाद्य सुरक्षा अधिकारी दीपक घृतलहरे ने बताया कि जब्त पनीर का विधिक नमूना जांच के लिए उच्च कार्यालय भेजा गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद संबंधित दोनों फर्मों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि दोनों फर्म पनीर को अपना बताने से इनकार कर रही हैं जबकि वाहन चालक के पास मौजूद बिल में विक्रेता के रूप में द माखन डेयरी, भोपाल और क्रेता के रूप में श्रीबालाजी इंटरप्राइजेज, रायपुर का नाम स्पष्ट रूप से दर्ज है। बहरहाल अब इस मामले ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, परिवहन और बाजार में उनकी आपूर्ति की निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। खासकर यह कि खाद्य सामग्री के कारोबार से जुड़ी फर्में दस्तावेजों में दर्ज लेन-देन की जिम्मेदारी लेने से इनकार कर रही हैं। अब जांच रिपोर्ट और विभागीय कार्रवाई से स्पष्ट होगा कि इस पूरे कारोबार में किसकी क्या भूमिका रही और उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य से जुड़े इस मामले में जिम्मेदारी किस पर तय होती है।

ज्ञात हो कि दस्तावेजों में क्रेता और विक्रेता दोनों के नाम दर्ज है और दोनों फर्मों की भूमिका जांच के घेरे में है लेकिन भोपाल से रायपुर भेजी गई 15 क्विंटल एनालॉग पनीर की खेप ने खाद्य कारोबार में जवाबदेही को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। वाहन चालक के पास मिले बिल में विक्रेता के रूप में भोपाल की द माखन डेयरी और क्रेता के रूप में रायपुर की श्रीबालाजी इंटरप्राइजेज का नाम दर्ज है। इसके बावजूद दोनों फर्म पनीर को अपना बताने से इनकार कर रही हैं।खाद्य सुरक्षा अधिकारी दीपक घृतलहरे के मुताबिक, विभाग ने पनीर का विधिक नमूना लेकर जांच के लिए उच्च कार्यालय भेजा है। रिपोर्ट आने के बाद दोनों फर्मों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

– 15 क्विंटल पनीर का वास्तविक निर्माता कौन है?- पैकेटों पर बैच नंबर और निर्माण-अवसान तिथि क्यों दर्ज नहीं थी?- बिल में दर्ज क्रेता-विक्रेता अपनी जिम्मेदारी से क्यों इनकार कर रहे हैं?- क्या इस खेप की आपूर्ति से पहले अन्य बाजारों में भी ऐसी सामग्री पहुंचाई गई?पनीर की पूरी खेप नष्ट कराई जा चुकी है, लेकिन जांच के निष्कर्ष और संबंधित फर्मों पर होने वाली कार्रवाई इस मामले में आगे की सबसे अहम कड़ी होगी।

↑
Exit mobile version